लखीमपुर खीरी। स्मार्ट मीटर के बाद अब बिना सूचना विद्युत लोड बढ़ाए जाने का मामला सामने आया है, इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिल रही है। जनपद में 6.25 लाख उपभोक्ता हैं। अधिकांशों के मोबाइल पर लोड बढ़ने का संदेश पहुंचा है। उपभोक्ता अफसरों के पास पहुंच रहे, लेकिन दुर्भाग्य है कि उनके पास कोई जवाब ही नहीं है।
एक जुलाई से उपभोक्ताओं के मोबाइल पर लोड बढ़ने की सूचना आ रही है। पहले तो उपभोक्ता कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन धीरे-धीरे काफी लोगों के मोबाइल पर संदेश आने शुरू हो गए। जिले में एक नहीं दो नहीं बल्कि हजारों उपभोक्ताओं के मोबाइल पर यह मेसेज आए हैं।
जिन उपभोक्ताओं का एक किलो वॉट का कनेक्शन था, उसका दो कर दिया गया। जिनका दो था, उनको तीन और तीन वालों का चार और पांच इसी तरह लोड बढ़ाया गया। जबकि लोड बढ़ाने से संबंधित उपभोक्ताओं ने कोई भी आवेदन नहीं किया, बावजूद इसके यह खेल चल रहा है। कनेक्शन का लोड बढ़ने पर बिजली बिल भी अधिक आएगा। इसको लेकर उपभोक्ताओं में काफी नाराजगी है।
दो सर्किल, छह डिविजन में खीरी
-विद्युत मामले में खीरी जिला दो सर्किल व छह डिविजन में है। लखीमपुर सर्किल में निघासन, मितौली और लखीमपुर-प्रथम डिविजन आता है। जबकि गोला सर्किल में मोहम्मदी, पलिया और गोला डिविजन आता है। सर्किल स्तर पर अधीक्षण अभियंता और डिविजन पर अधिशासी अभियंता बैठते हैं, लेकिन लोड बढ़ने से संबंधित किसी के पास कोई जवाब नहीं है।
लखीमपुर डिविजन के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि लोड बढ़ने की जानकारी मिली है। कई उपभोक्ता उनके पास भी आए, लेकिन लोड बढ़ाए जाने से संबंधित कोई भी लिखित आदेश नहीं आया है। कोई आदेश आता है, तो उसका पालन किया जाएगा।
मेरे घर पर दो किलो वॉट का विद्युत कनेक्शन है, जिसको अब तीन किलो वॉट कर दिया है। जबकि मैंने लोड बढ़ाए जाने से संबंधित कोई भी आवेदन नहीं किया है। ऐसा कैसे हुआ है, कुछ समझ में नहीं आ रहा।
शिव कुमार, गंगोत्रीनगर
मोबाइल पर शनिवार को सुबह विद्युत निगम का एक मेसेज आया, उसमें बताया गया कि मेरे कनेक्शन का लोड अब तीन किलो वॉट का हो गया है। बिना बताए लोड बढ़ा दिया गया है, जो गलत है।
-रोहित तिवारी, मिश्राना