सिंगाही। कस्बे में जामा मस्जिद के पास नगर पंचायत की तरफ से लगाए गए वाटर कूलर में करंट उतरने से सोमवार शाम नौ वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों में कोहराम मचा है।
वार्ड नंबर आठ स्थित वाल्मीकि मोहल्ला निवासी राजेश का नौ वर्षीय पुत्र ऋतिक उर्फ चन्नी अपने बाबा राजाराम के साथ बाजार गया था। राजाराम बाजार में सूप बेचने का काम करते हैं। शाम करीब साढ़े पांच बजे प्यास लगने पर ऋतिक अपने फुफेरे भाई अंश के साथ वार्ड नंबर 13 में जामा मस्जिद के पास लगे नगर पंचायत के वाटर कूलर पर पानी पीने पहुंचा।
अंश के अनुसार वाटर कूलर में करंट उतर रहा था। पानी पीते समय उसे हल्का झटका लगा, लेकिन जैसे ही ऋतिक ने टोंटी पकड़कर पानी पीने का प्रयास किया, वह करंट की चपेट में आकर मशीन से चिपक गया। आसपास मौजूद लोगों ने लकड़ी के डंडे की मदद से उसे अलग किया और तत्काल इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद लोगों में नगर पंचायत की व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी दिखाई दी।
प्रभारी निरीक्षक दिलीप चौबे ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
संबंधित वाटर कूलर करीब पांच वर्ष पहले स्थापित किया गया था। नगर पंचायत की ओर से समय-समय पर उसकी मरम्मत और देखरेख कराई जाती रही है। मामले की जांच कराई जा रही है। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-राजीव निगम, प्रभारी ईओ/एसडीएम
मृतक ऋतिक का फाइल फोटो