स्वच्छ भारत मिशन के उपनिदेशक ने की समीक्षा
पंचायती राज विभाग के उपनिदेशक एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के नोडल अफसर योगेंद्र कटियार ने कहा है कि जो गांव खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) होने के लिए तैयार है, उसके सभी पात्र लाभार्थियों को शौचालय का बजट मिलेगा। इसके लिए लक्ष्य का कोई अड़ंगा नहीं होगा। उन्होंने 2012 के बेसलाइन सर्वे की समीक्षा करते हुए एक नाम दो बार फीड होने के मामले में अवैध एंट्रियों को 30 अक्तूबर 2016 तक डिलीट करने के निर्देश दिए।
विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय में उपनिदेशक (पंचायत) योगेंद्र कटियार ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में तेजी लाई जाए, क्योंकि जल्द ही भारत सरकार से बजट मिलने वाला है। बेसलाइन सर्वे में फीड हुए पांच लाख से अधिक शौचालय विहीन परिवारों में तमाम इंट्री फर्जी पाई गई हैं, जिसमें इस जिले की करीब 32 हजार इंट्री गड़बड़ मिली हैं। उन्होंने ऐसी फर्जी इंट्रियों को 30 अक्तूबर तक डिलीट करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। डीपीआरओ सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि जिले के पांच गांवों को ओडीएफ घोषित किया जा चुका है। शीघ्र ही कुछ और गांवों को ओडीएफ घोषित किया जाएगा। बैठक में जिला समन्वयक नंद किशोर दीक्षित, ग्राम पंचायत अधिकारी दीपक श्रीवास्तव, अजय प्रकाश त्रिवेदी समेत सभी ब्लाकों के एडीओ पंचायत मौजूद रहे।