पलिया विधायक रोमी साहनी के आवास पर मालिकाना हक के लिए ज्ञापन देते ग्रामीण। संवाद
पलियाकलां। ग्राम बेलापरसुआ के ग्रामीणों ने पलिया विधायक रोमी साहनी के आवास पर पहुंचकर अपनी समस्याएं बताईं और जमीन पर मालिकाना हक दिलाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर न्याय की गुहार लगाई।
ग्रामीणों ने बताया कि वे ग्राम रघुनगर मजरा बेलापरसुआ के मूल निवासी हैं। पिछले तीन-चार पीढ़ियों से वन विभाग की भूमि से सटे क्षेत्र में फूस के मकान बनाकर रह रहे हैं। उनके पास आधार कार्ड, राशन कार्ड और मतदान का अधिकार तो है, लेकिन जिस जमीन पर वे पूर्वजों के समय से बसे हैं, उसका मालिकाना हक नहीं है। ग्रामीणों ने वर्ष 1995 की उस घटना का भी जिक्र किया, जब वन विभाग की कार्रवाई के दौरान उनके घर जल गए थे और जमीन से जुड़े अहम दस्तावेज नष्ट हो गए थे।
हाल ही में विधायक रोमी साहनी के प्रयासों से क्षेत्र के आदिवासी थारू जनजाति के लोगों को जमीनों का मालिकाना हक मिला है। इसके बाद बेलापरसुआ के मजदूर और किसान परिवारों में भी उम्मीद जगी है कि उन्हें भी कानूनी अधिकार मिल सकेगा।
विधायक रोमी साहनी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वह जल्द ही इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे। ज्ञापन देने वालों में परमजीत सिंह, ननकू सिंह, जसवंत सिंह, सोना सिंह, बगीचा सिंह और कुलविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।