दांत काटने के बाद खड़ा एक हाथी और दुधवा की टीम। स्रोत: पार्क प्रशासन
पलियाकलां। दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटआर) में तैनात चार राजकीय नर हाथियों के असामान्य रूप से बड़े हो चुके दांत मंगलवार को नियमानुसार काटे गए। वन विभाग के अनुसार, यह निर्णय हाथियों के स्वास्थ्य और महावतों, चारा कटर्स तथा पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया। यह हाथी पर्यटन, गैंडा मॉनिटरिंग, रेस्क्यू ऑपरेशन और मानसून के दौरान पेट्रोलिंग में अहम भूमिका निभाते हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व प्रशासन के अनुसार नर हाथी नकुल, गजराज, भास्कर और विनायक के दांत काफी बड़े हो गए थे। इससे उन्हें आहार लेने और दैनिक गतिविधियां करने में दिक्कत हो रही थी। साथ ही बड़े दांत महावतों, चारा कटर्स और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए भी जोखिम बन रहे थे।
दुधवा टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक जगदीश आर ने बताया कि उच्च अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद पशु चिकित्सकों के विशेषज्ञ पैनल की निगरानी में चारों हाथियों के दांत नियमानुसार काटे गए। पूरी प्रक्रिया के दौरान वन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी, पशु चिकित्सक और संबंधित स्टाफ मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि इस कदम से हाथियों को दैनिक गतिविधियों में आसानी होगी और रिजर्व में कार्य करने वाले कर्मचारियों व पर्यटकों की सुरक्षा भी बेहतर होगी।