कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए कलाकार। स्रोत: सूचना विभाग
- फोटो : टूंडला में अहोई अष्टमी पर बच्चों को तिलक लगाकर दीर्घायु की कामना करते माताएं संवाद
लखीमपुर खीरी। धौरहरा तहसील के खमरिया खुर्द स्थित सैदापुर फार्म में रविवार देर शाम उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की ओर से घराना संगीत समारोह आयोजित किया गया। इसमें लखनऊ, मुंबई और बाराबंकी के कलाकारों ने शास्त्रीय गायन, सूफी संगीत, वादन और कथक की प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उत्तर प्रदेश के प्राचीन कलाकारों की स्मृति में आयोजित समारोह में शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा की झलक दिखी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की उपाध्यक्ष विभा सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग मौजूद रहे।
लखनऊ के वरिष्ठ गायक किशोर चतुर्वेदी ने भगवान गणेश की स्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद ''हेरी सखी मंगल गावो री'' और सूफी कलाम ''छाप तिलक सब छीनी'' प्रस्तुत कर श्रोताओं की वाहवाही बटोरी। उनकी गायकी में शास्त्रीय और सूफी संगीत का संगम देखने को मिला।
मुंबई की कथक नृत्यांगना नेहा सिंह मिश्रा ने आमद, चक्करदार परन, पद संचालन और भावपूर्ण हस्त संचालन के माध्यम से कथक की बारीकियां प्रस्तुत कीं। वहीं, बाराबंकी के तबला वादक अनिल मिश्रा की वादन प्रस्तुति ने भी श्रोताओं का मन मोह लिया। उनके साथ ऑक्टोपैड पर विश्वजीत, ऑर्गन पर हर्षित मिश्रा और नाल पर हर्षित शुक्ला ने संगत की। कार्यक्रम का संचालन सुनील शुक्ला और समरीन सिद्दीकी ने किया।