तीसरे और चौथे चरण में जिन मतदाताओं का नाम सूची में शामिल होने से छूट गया है, उन मतदाताओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य निर्वाचन आयोग ने छूटे हुए मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करने का निर्देश दिया है। इसके लिए सात और 10 अक्तूबर को चुनाव आयोग का सर्वर शाम चार बजे तक खुला रहेगा। आयोग ने कहा है कि किसी व्यक्ति के हित पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली प्रविष्टि पर समुचित सुनवाई किए बिना कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
चुनाव आयोग के अपर आयुक्त वेद प्रकाश वर्मा ने प्रशासन को भेजे गए पत्र में कहा है कि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी दिए गए प्रार्थना-पत्र या स्वप्रेरणा से जांच करे, जिसमें नियमानुसार प्रविष्टि सुधारने या निष्कासित करने संबंधी सभी कदम उठाएं जा सकते हैं। साथ ही आयोग ने कहा है कि मतदाता सूची में संशोधन किसी निर्वाचन के लिए नामांकन देने के अंतिम दिन के बाद और उस निर्वाचन के पूर्ण होने के पूर्व नहीं किया जाएगा। किसी व्यक्ति की प्रविष्टि सुधार या निष्कासन जो उसके हित पर प्रतिकूल असर डाल रही है, ऐसे मामलों में उसे सुनवाई का समुचित अवसर दिए बिना कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती है। आयोग ने कहा है कि कड़ाई के साथ मतदाता सूची में परिवर्धन, संशोधन और विलोपन का कार्य किया जाएगा। जिसके बाद डेटा फीडिंग का कार्य भी साथ ही कराया जाएगा। मतदाता सूची की फीडिंग के लिए तीसरे चरण में सात अक्तूबर और चौथे चरण के लिए 10 अक्तूबर को शाम चार बजे तक चुनाव आयोग का सर्वर खुला रहेगा।