लखीमपुर खीरी। जिले के 15 ब्लॉक प्रमुखों का पांच वर्षीय कार्यकाल 20 जून को समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र पंचायतों का वर्तमान कार्यकाल भी खत्म हो जाएगा।
कार्यकाल समाप्त होने के बाद ब्लॉकों की प्रशासनिक व्यवस्था किसके हाथ में होगी, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। इधर, ब्लॉक प्रमुख प्रधानों की तरह प्रशासक बनाए जाने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
जिले में लखीमपुर, बेहजम, फूलबेहड़, नकहा, रमियाबेहड़, ईसानगर, धौरहरा, निघासन, पलिया, बांकेगंज, कुंभी, बिजुआ, मितौली, पसगवां और मोहम्मदी समेत 15 विकास खंड हैं। वर्ष 2021 में निर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों का कार्यकाल 20 जून 2026 को पूरा हो रहा है।
कार्यकाल समाप्त होते ही ब्लॉक प्रमुखों के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार स्वतः समाप्त हो जाएंगे। ऐसे में सभी की निगाहें शासन के अगले निर्णय पर टिकी हैं। चर्चा है कि ग्राम प्रधानों की तरह ब्लॉक प्रमुख भी प्रशासक बनाए जाने की उम्मीद कर रहे हैं।
यदि शासन ऐसा निर्णय लेता है तो वर्तमान जनप्रतिनिधियों को कुछ समय तक विकास कार्यों की निगरानी का अवसर मिल सकता है। वहीं क्षेत्र पंचायतों में चल रही विकास योजनाओं और प्रस्तावित कार्यों को लेकर भी असमंजस बना हुआ है। कार्यकाल समाप्त होने के बाद नए वित्तीय प्रस्तावों और विकास योजनाओं पर निर्णय लेने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।