धूप में इस तरह बचाव कर जाते लोग। संवाद
लखीमपुर खीरी। नौतपा भले ही समाप्त हो गए, लेकिन जिले में गर्मी का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को भी तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री बढ़कर 41 डिग्री, जबकि न्यूनतम पारा चार डिग्री उछलकर 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह करीब 10 बजे ही तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। दोपहर 12 बजे के बाद आसमान से धूप आग उगलने लगी।
चिलचलाती धूप और उमस की वजह से कुछ ही देर में लोग पसीने से तरबतर हो गए। धूप से बचने के लिए लोग छांव का सहारा और मुंह ढककर निकले। थोड़ी ही देर में प्यास की वजह से लोगों हलक सूख गए। जूस, गन्ने का रस सहित पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली।
शाम करीब पांच के बाद सूरज की तपिश तो कम हो गई, लेकिन उमस की वजह से लोगों को राहत नहीं महसूस हुई। हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बृहस्पतिवार से मौसम में बदलाव की उम्मीद है। हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।