गोला गोकर्णनाथ। नगर के मिल मार्ग स्थित जिला पंचायत कॉम्पलेक्स के मुख्य द्वार पर वर्षों से हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए पहुंची टीम नोटिस देकर लौट गई।
अगस्त 2016 में जिला पंचायत कॉम्पलेक्स की 23 दुकानों की विधिवत निविदा व खुली नीलामी कराई गई थी। नीलामी से पूर्व वर्ष 2014-15 में तत्कालीन उपजिलाधिकारी ने जिला पंचायत की भूमि (पूर्व में काजी हाउस) को अतिक्रमण मुक्त कराया था। 14 सितंबर 2016 को खुली बोली के बाद 20 सितंबर 2016 को आवंटियों से पूरी धनराशि भी जमा करा ली गई थी।
उस समय कॉम्पलेक्स का मुख्य द्वार पूरी तरह खाली था। निर्माण कार्य के दौरान ही मुख्य द्वार पर दुकानदारों ने दोबारा खोखे, तख्त और ठेले रख लिए। जिन्हें अब तक नहीं हटाया गया। परिसर के आवंटित दुकानदारों की शिकायत पर मंगलवार की शाम जिला पंचायत के इंजीनियर राकेश सिंह, जेई राजीव कुमार, नायब तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, लेखपाल रमेश कुमार नगर पालिका की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां कब्जा हटाने के बजाय दुकानदारों को फिर एक सप्ताह का समय दे दिया गया। जबकि इससे पहले भी जिला पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया जा चुका है।