लखीमपुर खीरी। जलजीवन मिशन के कार्यों की हकीकत जानने के लिए तीन सदस्यीय टीम जिले में पहुंची है। यह टीम तीन दिनों तक जिले में कार्यों का सत्यापन करेगी। जांच में अगर कोई खामी मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले में हर घर जल योजना के तहत कार्य कराए जा रहे हैं। जिले में चल रहे कामों की गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठते आ रहे हैं। कहीं टोटी लग गई तो पानी नहीं आ रहा, तो कहीं सड़कों को उखाड़ने के बाद उनको ठीक से नहीं कराया गया। करीब एक हफ्ता पहले जिले के कुछ विधायकों ने जलजीवन मिशन के कामकाज पर सवाल उठाते हुए शिकायत की। जब यह मामला शासन तक पहुंचा तो टीएसी (टेक्निकल ऑडिट कमेटी) को जांच के लिए भेजा गया है। यह टीम सत्यापन करेगी। खर्च का ऑडिट करने के बाद जांच रिपोर्ट शासन को देगी। संवाद