लखीमपुर/गोला गोकर्णनाथ। एंटी करप्शन टीम बुधवार को कुंभी गोला ब्लाॅक पहुंची और खंड विकास अधिकारी से घंटों पूछताछ की। एंटी करप्शन ने क्या-क्या बात की। किन बिंदुओं पर जांच की यह तो पता नहीं चल सका, लेकिन विभागीय सूत्र बताते हैं कि बीडीओ व ब्लॉक के कुछ कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है।
पिछले दिनों एंटी करप्शन टीम ने कुंभी ब्लाॅक के सहायक मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी (एपीओ) मधुर गुप्ता को रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। इसी सिलसिले में एंटी करप्शन एक टीम ने खंड विकास अधिकारी से करीब दो घंटों तक पूछताछ की। ब्लाॅक में जब तक एंटी करप्शन की टीम रही तब तक कर्मचारियों की सांसें थमी रहीं।
टीम के जाने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली, लेकिन कर्मचारी तरह-तरह की बातें करते नजर आए। इधर, कुंभी गोला ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी हनुमान प्रसाद मिश्र ने बताया कि एंटी करप्शन टीम पूछताछ के लिए आई थी। उनको जो जानकारी चाहिए थी वह दे दी गई है। अगर इस तरह का कोई प्रकरण था, तो प्रधान या एपीओ को अधिकारियों के संज्ञान में लाना चाहिए था।