लखीमपुर खीरी। हेलमेट न लगाने वाले वाहन चालकों को पेट्रोल न देने पर शासन भले ही गंभीर है, लेकिन जिलास्तर पर इसका असर नहीं दिख रहा है। जिले में अब भी सभी पंपों पर बिना हेलमेट के पहुंचने वाले वाहन चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा है। बिना सीट बेल्ट डीजल व पेट्रोल दिया जा रहा है।
जिले के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न कंपनियों के 300 से अधिक पेट्रोल पंप हैं, लेकिन बिना बिना हेलमेट दो पहिया वाहन को पेट्रोल न दिए जाने के नियम का पालन कहीं नहीं होता मिला।
सोमवार को नौरंगाबाद, रोडवेज, संकटा देवी चौराहा, पलिया बस अड्डा, राजापुर संकटमोचन मंदिर, सीतापुर रोड सहित जिले के अलग-अलग हिस्सों में पड़ताल की। कहीं भी नियमों का पालन होता नजर नहीं आया।
प्रशासन ने कहा- 26 से लागू होगा नियम
जिला प्रशासन ने 26 जनवरी से नियम को सख्ती से लागू कराने की बात कह रहा है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि व्यवस्था धरातल पर लागू करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। हर एक वाहन चालक को नियम के बारे में बताया जाएगा। डीएम ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में रैली, निबंध, भाषण, नाटक व स्लोगन आदि प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। बच्चों के अभिभावकों को भी शामिल किया जाएगा। जहग-जगह बैनर, पंफलेट आदि के माध्यमों से जागरूक किया जाएगा। इसके बाद 26 जनवरी से पूरी सख्ती के साथ जिले में यह नियम लागू किया जाएगा।