अमर उजाला कार्यालय में नेशनल ओलंपियाड की परीक्षा देते बच्चे। संवाद
लखीमपुर खीरी। अमर उजाला की ओर से आयोजित नेशनल ओलंपियाड परीक्षा सोमवार को सेल्फ सेंटर अमर उजाला कार्यालय में हुई। इसमें कक्षा एक से 10वीं तक के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एक घंटे चली परीक्षा में बच्चों की ज्ञान क्षमता और तैयारी को परखा गया। परीक्षा के दौरान बच्चों में उत्साह देखने को मिला।
परीक्षा शाम चार बजे शुरू होकर पांच बजे संपन्न हुई। गणित का प्रश्नपत्र हल करने के लिए 27 बच्चे मौजूद रहे। उन्हें 20 मिनट पहले ओएमआर शीट उपलब्ध कराई गई, जिस पर बच्चों ने अपना नाम और रोल नंबर दर्ज किया। ठीक चार बजे परीक्षा शुरू हुई। विद्यार्थियों ने सभी सवालों को एकाग्रता के साथ हल किया।
परीक्षा के बाद बच्चों ने कहा कि उनकी परीक्षा उम्मीद से अच्छी हुई। नेशनल ओलंपियाड जैसी परीक्षाओं में शामिल होकर उन्हें अपनी तैयारी का आकलन करने और सामान्य ज्ञान से जुड़े नए प्रश्नों को समझने का अवसर मिला। बच्चों ने कहा कि इस तरह की परीक्षाएं होती रहनी चाहिए।
अभिभावकों ने कहा कि ऐसी परीक्षाओं से बच्चों के बौद्धिक स्तर में सुधार होता है। बच्चों ने यह भी बताया कि प्रतियोगी माहौल से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।