एआरटीओ से वार्ता करते हुए अनुबंधित बस एओसिएशन के पदाधिकारी। स्रोत संगठन।
लखीमपुर खीरी। सवारी वाहनों के अवैध संचालन के विरोध में मंगलवार को अनुबंधित बस एसोसिएशन ने हड़ताल की। अनुबंधित बसें नहीं चलीं, लेकिन रोडवेज निगम ने पहले ही गोला से 25 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कर दी, जिससे यात्रियों को विशेष परेशानी नहीं हुई।
एसोसिएशन का आरोप है कि जिले के विभिन्न मार्गों पर अवैध बसों के संचालन से अनुबंधित बसों को सवारियां नहीं मिल रही हैं। इसे लेकर कई बार विरोध भी किया गया है।
हड़ताल के दौरान एआरटीओ कार्यालय में बस संचालकों और रोडवेज अधिकारियों की बैठक हुई। एआरटीओ ने कहा कि अवैध संचालन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन एसोसिएशन ने आश्वासन को पर्याप्त नहीं मानते हुए हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया।
एआरटीओ शांति भूषण पांडे ने बताया कि अवैध वाहनों के संचालन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को चार बसें सीज की गईं। मंगलवार को बसें नहीं मिलीं, लेकिन सात अन्य वाहन सीज किए गए। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।