गोला में पौराणिक शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ को प्रथम आमंत्रण देते विधायक अमन गिरि। स्रोत : सोश
गोला गोकर्णनाथ। नगर के शिव मंदिर कॉरिडोर का स्वरूप लगातार निखर रहा है। परिसर में स्थापित होने वाली विशालकाय भगवान नंदीश्वर की मूर्ति कॉरिडोर की प्रमुख आकर्षण बनेगी। वहीं पौराणिक शिव मंदिर के निकट स्थित प्राचीन बूढ़े बाबा मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य भी शुरू हो गया है।
शनिवार को श्री नंदीश्वर विग्रह प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर विधायक अमन गिरि ने श्रद्धालुओं के साथ पौराणिक शिव मंदिर में जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ को प्रथम आमंत्रण पत्र अर्पित किया।
भगवान नंदीश्वर की मूर्ति साढ़े सात फुट ऊंची और करीब 20 टन वजनी बताई गई है। प्राण-प्रतिष्ठा से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान 20 जून से शुरू होंगे, जबकि 24 जून को मूर्ति की स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा होगी।
कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अधिकारी सावन से पहले कॉरिडोर निर्माण पूरा कराने में जुटे हैं। प्राचीन बूढ़े बाबा मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य भी शुरू करा दिया गया है। मंदिर में स्थापित शिवलिंग और नंदी बाबा यथावत रहेंगे।
इस अवसर पर विधायक अमन गिरि, कार्यदायी संस्था के जेई विवेक वाजपेई, आनंद त्रिवेदी, केके शुक्ला, अवधेश मिश्रा, रामगुलाम पांडे, सुरेंद्र शर्मा और सुरेश चंद्र पांडे समेत अन्य लोग मौजूद रहे।