आवंटन के लिए तहसील में निकाली गई लाटरी
आसरा आवास योजना के तहत बनवाए गए 24 आवासों के आंवटन के लिए शुक्रवार को तहसील परिसर में लाटरी निकाली गई। इन आवासों के लिए पात्र आवेदकों की संख्या 46 थी। इस कारण 24 पात्रों का चयन लाटरी से किया गया, जिससे आवास की उम्मीद लगाकर तहसील पहुंचे कुछ आवेदनकर्ताओं के हाथ खुशी लगी तो कुछ के हाथ निराशा।
आसरा आवास योजना के तहत शहरी गरीबों को छत दिए जाने के लिए नौरगांबाद रोड पर 24 आवासों का निर्माण डूडा की ओर से कराया जा चुका है, लेकिन इनके सौ से अधिक आवेदन मिले थे। आवेदनों की संख्या अधिक होने के कारण जिला प्रशासन ने एसडीएम से पात्रों का सत्यापन कराया था, जिसमें 46 पात्र सामने आए। इसलिए 24 पात्रों का चयन करने के लिए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को लाटरी निकाली, शुक्रवार को एसडीएम सदर एवं जवाइंट मजिस्ट्रेट सैमुअल पॉल, डूडा पीओ राजेेेश पांडे, पालिका ईओ अवनींद्र कुमार की मौजूदगी में तहसील सभागार में लॉटरी डलवाकर 24 पात्रों का चयन कर लिया गया।
पीओ डूडा राजेश पांडे के अनुसार आवासों के लिए एसडीएम सदर की मौजूदगी में लाटरी के माध्यम से 24 लोगों को चयन किया गया है, इन सभी को 17 दिसंबर को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चाबी सौंपेगें।