फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धौरहरा में युवक की मौत पर घंटों चला बवाल, चार आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज

विज्ञापन
राम लखन की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने किया रोड जाम। - फोटो : LAKHIMPUR
विज्ञापन
धौरहरा। कस्बा धौरहरा के मोहल्ला शुक्ला वार्ड निवासी एक युवक का शव शनिवार की शाम ग्राम जुगनूपुर के नजदीक पेड़ से लटका मिलने के मामले में परिजनों व ग्रामीणों ने रात भर शव को उतारने नहीं दिया। दूसरे दिन रविवार की सुबह से परिजन व ग्रामीण घटनास्थल पर शव के इर्द-गिर्द डटे रहे और पुलिस को शव उतारने नहीं दिया, जिससे माहौल गरमाता रहा। परिजनों ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ तुरंत हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग रखी और तब तक शव को उतारने नहीं दिया। परिजनों ने धौरहरा पुलिस पर पहले मारपीट की शिकायत करने पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। मामले की सूचना पाकर सपाई भी पहुंच गए, जिसके बाद लोगों ने सिसैया-निघासन मार्ग जामकर प्रदर्शन किया गया।
विज्ञापन

धौरहरा के मोहल्ला शुक्लावार्ड निवासी 30 वर्षीय रामलखन पुत्र नत्थू नाग शनिवार की शाम करीब पांच बजे खेत देखने गया था। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। स्वयं खेत के पड़ोस गन्ने में लगे आम के पेड़ से शव फंदे से लटका देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने विरोध करते हुए पुलिस को शव उतारने नहीं दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले भी मारपीट की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की थी। इससे नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने रात भर शव को उतारने नहीं दिया, बल्कि आरोपियों के खिलाफ पहले हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग रखी। इससे पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। मामले की गंभीरता को भांपकर रविवार की सुबह ही ईसानगर, खीरी, निघासन व फूलबेहड़ थाने का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। साथ में एसडीएम धीरेंद्र सिह व तहसीलदार संतोष शुक्ला भी डटे रहे। घटनास्थल पर एएसपी अरुण सिंह ने मोर्चा संभालते हुए परिजनों से बातचीत की, फिर मृतक के पिता नत्थू से तहरीर लेकर तुरंत मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने सिसैया-निघासन मार्ग को सुबह 10 बजे जाम कर दिया, जिससे आवागमन शाम चार बजे तक पूरी तरह बंद रहा। इस दौरान दोनों तरफ लंबी-लंबी लाईने लगी रहीं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपियों संपत्ति शुक्ला, राजकुमार उर्फ कपिलेश्वर शुक्ल, वेद प्रकाश, श्रवण कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इसकी एफआईआर कॉपी मिलने के बाद परिजनों ने करीब तीन बजे शव को फंदे से उतारने दिया। फिर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लखीमपुर भेजा।
सपाइयों ने रोड जामकर काटा हंगामा
सिसैया-निघासन रोड जाम करने के लिए सपा नेता धनीराम मौर्या व अजय सिंह भीड के साथ सड़क पर बैठ गए। पुलिस व चौरसिया महासभा के जिलाध्यक्ष के अनुरोध पर भी सपाई नहीं माने और सड़क पर ही डटे रहे। इससे कुछ अराजक तत्व भी भीड़ का फायदा उठाते हुए सक्रिय हो गए। सपा नेताओं के आने से स्थानीय सपाई भी धरना स्थल पर इकट्ठा हो गए। पुलिस के समझाने के बाद शाम चार बजे लोग सड़क से हटे।
विज्ञापन

परिजनों ने शनिवार की रात में तहरीर नहीं दी और न ही शव को उतारने दिया। दूसरे दिन भी मृतक का पिता मौके से कुछ देर के लिए गायब हो गया, जिसकी खोजबीन कराकर तहरीर ली गई। चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की विवेचना की जाएगी।
विज्ञापन

- टीएन दुबे, सीओ धौरहरा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें