लखीमपुर खीरी। शासन ने जनवरी की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें लखीमपुर खीरी जिले को प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। विकास और राजस्व श्रेणी में जिला छठे स्थान पर रहा।
अधिकारियों के अनुसार, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सरकारी परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले की रैंकिंग में लगातार सुधार हो रहा है। प्रदेश स्तर पर ललितपुर प्रथम, शाहजहांपुर और हमीरपुर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। इसके बाद खीरी चौथे व बरेली पांचवें स्थान पर रहा। मंडल के अन्य जिलों में हरदोई सातवें, सीतापुर 23वें, उन्नाव 39वें, रायबरेली 43वें और लखनऊ 75वें स्थान पर रहा।
हालांकि, कुछ योजनाओं में जिले का प्रदर्शन औसत रहा। उद्योग विभाग की टूल किट वितरण योजना और एनआरएलएम योजनाओं में जिले को डी ग्रेड मिला है। मुख्यमंत्री आवास योजना में जिला 65वें स्थान पर रहा। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना में चार हजार आवेदनों में से तीन हजार का अनुमोदन होने पर जिले को बी ग्रेड प्राप्त हुआ। इसके अलावा जल जीवन मिशन के तहत टैप्ड वाटर सप्लाई में भी जिले को बी ग्रेड मिला है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड पर शामिल सभी योजनाओं की नियमित निगरानी की जा रही है, जिसका सकारात्मक असर रैंकिंग में दिखाई दे रहा है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल रैंकिंग सुधारना नहीं, बल्कि योजनाओं का लाभ सही मायनों में जनता तक पहुंचाना है।
-आईजीआरएस निस्तारण में मंडल में फिर अव्वल-
शासन ने आईजीआरएस (एकीकृत जन शिकायत निवारण प्रणाली) की जनवरी की रैंकिंग भी जारी की है, जिसमें लखीमपुर खीरी को प्रदेश में 18वां स्थान मिला है। खास बात यह है कि जिला लगातार पांच महीनों से मंडल में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। मंडल के अन्य जिलों में लखनऊ 75वें, हरदोई 25वें, उन्नाव 33वें, रायबरेली 45वें और सीतापुर 36वें स्थान पर रहे। जिले के ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अनुज वर्मा ने बताया कि जनवरी में आईजीआरएस पर 6633 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 77.70 प्रतिशत (5112 शिकायतकर्ता) ने संतोषजनक फीडबैक दिया।
आईजीआरएस निस्तारण में गोला तहसील को प्रदेश में पहला स्थान
गोला गोकर्णनाथ। आईजीआरएस जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में गोला तहसील को प्रदेश में प्रथम रैंक मिली है। एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी ने बताया कि राजस्व से जुड़ी 89 शिकायतों की रेंडम समीक्षा में गोला तहसील ने जनवरी की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है। यह गोला तहसील के लिए पहली उपलब्धि है।उन्होंने बताया कि नवंबर में तहसील की रैंक 61वीं और दिसंबर में 83वीं थी। इस मौके पर तहसीलदार भीम चंद, नायब तहसीलदार भानु प्रताप सिंह और राजस्व निरीक्षक अरुणेश मिश्र मौजूद रहे। संवाद