कुंवरापुर मार्ग पर बहता नदी का पानी। स्रोत: ग्रामीण
महेवागंज। कुंवरापुर गांव का खड़ंजा मार्ग कंडवा नदी के उफान से जलमग्न है। मार्ग के तीनों रपटा पुल डूब गए हैं। कहीं पांच फुट तक पानी बह रहा है।
आसपास के खेतों में खड़ी फसल भी डूब गई है। मुख्य रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को लखीमपुर आने-जाने के लिए एक की जगह आठ किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों का आवागमन बंद है और वैन भी गांव तक नहीं पहुंच पा रही है।
कुंवरापुर निवासी भजन सिंह, करनैल सिंह, चरनजीत सिंह, सुखदेव सिंह, लखविंदर, सर्वजीत, भूपेंद्र और जरनैल सिंह ने बताया कि इंदिरा वन पार्क के पास से गांव तक खड़ंजा गया है। पास की कंडवा नदी के उफान से इस पर पानी बह रहा है। इसी रास्ते से प्राथमिक विद्यालय तक जाना होता है। रपटा पुलों पर पानी होने से रास्ता बंद है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में करीब 25 झाले हैं। आजादी के बाद से यहां पक्की सड़क नहीं बनी है। बुढ़नापुर के ग्राम प्रधान दर्शन सिंह के प्रयास से वर्षों पहले 500 मीटर खड़ंजा लगाया गया था। मुख्य रास्ता डूबने के कारण ग्रामीणों को खेतों से होकर खंभारखेड़ा के रास्ते लखीमपुर जाना पड़ रहा है। इससे करीब आठ किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन को पत्र भेजकर समस्या के निदान की मांग की है।