निघासन/पलियाकलां। सिसैया-धौरहरा, निघासन, पलिया से धनौरा घाट होते हुए पूरनपुर मार्ग की सड़क अब चौड़ी होगी। बृहस्पतिवार को इस सड़क के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया गया।
पलिया विधायक रोमी साहनी और निघासन विधायक पटेल शशांक वर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। लोक निर्माण विभाग इस परियोजना को पूरा कराएगा। करीब 38.35 किलोमीटर सड़क को 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। सड़क को मजबूत भी बनाया जाएगा।
इस प्रोजेक्ट पर करीब 113.95 करोड़ रुपये खर्च होंगे। निर्माण कार्य अनमोल एसोसिएट कंपनी को दिया गया है। काम पूरा करने के लिए 18 माह का लक्ष्य तय किया गया है।
विधायक शशांक वर्मा ने बताया कि यह राज्य मार्ग करीब 120 किलोमीटर लंबा है। इसमें निघासन और पलिया विधानसभा क्षेत्र के हिस्से की सड़क को पहले चरण में चौड़ा किया जा रहा है।