बांकेगंज। क्षेत्र में महरताला मंडी मार्ग से बलारपुर के बीच लंबे समय से छूटा सड़क का हिस्सा अब पूरा कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग खंड-3 एक किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण कराएगा। इसके लिए 108.18 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इसमें 2.58 लाख रुपये सड़क के रखरखाव के लिए शामिल हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार शासन स्तर से निर्माण के लिए बजट को मंजूरी मिल चुकी है। निर्माण शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित कार्यदायी संस्था को काम सौंप दिया जाएगा।
यह मार्ग बलारपुर, हजरतपुर मूड़ा नंबर एक, मूड़ा नंबर सात समेत कई गांवों को जोड़ता है। छूटा हिस्सा बनने से इन गांवों के ग्रामीणों, गन्ना किसानों और मार्ग से गुजरने वाले अन्य लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। क्षेत्र के ग्रामीण बबलू सिंह, गौतम सिंह, भूपेंद्र, विपिन, हरि सिंह, कौशल और रणजीत सिंह आदि ने बताया कि मार्ग का हिस्सा काफी समय से अधूरा पड़ा था। इसके निर्माण से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग खंड-3 के अधिशासी अभियंता अनिल यादव ने बताया कि बरसात के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।