इस बार प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी
जिले के युवराजदत्त महाविद्यालय और भगवानदीन आर्यकन्या स्नाताकोत्तर महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वाईडी कालेज में बुधवार को आनलाइन पंजीकरण कराने और फार्म जमा करने वाले प्रवेशार्थियों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। करीब एक माह से सुनसान पड़े महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से रौनक लौट आई है। बुधवार को प्रवेश फार्म वितरण और जमा करने के लिए खोले गए विशेष काउंटरों पर भारी भीड़ रही। विद्यार्थियों में आनलाइन रजिस्ट्रेशन को लेकर काफी अफरातफरी रही।
भगवानदीन आर्यकन्या स्नाताकोत्तर महाविद्यालय में सत्र 2016-17 में बीए प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय ने त्रुटि विहीन डाटा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बदली हुई प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में प्रवेश समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. निरुपमा अशोक ने बताया कि 2016-17 में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश चाहने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन वेब रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। वेब रजिस्ट्रेशन फार्म की प्रति प्रपत्र के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा।
वेब रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त करने की प्रक्रिया के विषय में विश्वविद्यालय से स्पष्ट निर्देश है कि अभ्यर्थी विश्वविद्यालय वेबसाइट पर अपना नाम, पिता का नाम, मां का नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी फीड करेंगे। उसके बाद फीड किए गए मोबाइल नंबर पर वन टाइम पासवर्ड प्राप्त होगा। उसकी प्रविष्टि करने के बाद अभ्यर्थी की लॉगिंग आईडी जनरेट हो जाएगी। वेब रजिस्ट्रेशन नंबर जनरेट करने के लिए एक मोबाइल नंबर का मात्र दो बार ही प्रयोग किया जाएगा।
प्रवेश समिति के अनुसार भगवानदीन आर्यकन्या महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 24 जून 2016 तक वेब रजिस्ट्रेशन फार्म का प्रिंट आउट प्रपत्र के साथ संलग्न कर महाविद्यालय में जमा करने होंगे। प्राचार्या डॉ. निरुपमा अशोक की अध्यक्षता में हुई प्रवेश समिति की बैठक में अन्नपूर्णा गुप्ता, डॉ. पुष्पा मलिक, डॉ. शशि प्रभा बाजपेयी और अर्चना सिंह मौजूद रहीं।