- नौरंगाबाद-ऐरा रोड का निर्माण बना मुसीबत
- 36 लाख का है टेंडर, मई से हो रहा काम
- वर्षा के कारण काम हुआ बंद, निकलना दूभर
- नगर पालिका प्रशासन को सुधि नहीं
नौरंगाबाद-ऐरा रोड का निर्माण कई महीने पहले शुरू हुआ था। महज बजरी डालकर और कुछ स्थानों पर खुदाई कर यह सड़क छोड़ दी गई है। नतीजतन वर्षा में जगह-जगह जलभराव हो रहा है तो बीच सड़क पर बने गहरे गड्ढे में पानी भरने से यह तालाब बन चुका है। शहरवासियों की दिक्कत के बाद भी नगर पालिका प्रशासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है।
शहर के बीचोबीच नौरंगाबाद चौराहा से ऐरा रोड पर चलते ही राहगीरों को यह अहसास होता है कि वह शहर में नहीं बल्कि गांव के किसी गलियारे में चल रहे हैं। हालांकि नगर पालिका परिषद ने इस सड़क को बनवाने के लिए फरवरी में ही नौरंगाबाद रोड से ऐरा रोड पर 460 मीटर की सड़क को आरसीसी बनाने के लिए 36 लाख की लागत का टेंडर किया था। ठेकेदार ने मई में काम शुरू किया। नतीजतन वर्षा शुरू होते ही आधी से भी कम सड़क बन पाई। शेष हिस्सा की हालत और दयनीय हो गई। आलम यह है कि लोगों को इस सड़क से निकलना दूभर है। शहर में सड़क पर जगह-जगह गड्ढों में भरे पानी और कीचड़ से जहां लोगों के कपड़े खराब होते हैं वही लोगबाग गिरकर चोटिल तक हो जाते हैं।
नौरंगाबाद रोड का निर्माण हो रहा है। वर्षा होने के कारण काम रुका है। जल्द ही सड़क का निर्माण कराकर समस्या को दूर कर दिया जाएगा। - अवनीन्द्र कुमार, ईओ-नगर पालिका परिषद, लखीमपुर