सप्ताह में दूसरी बार आंधी के साथ हुई बरसात
आम की फसल को नुकसान, खेती बाड़ी के लिए फायदा
एक सप्ताह में दूसरी बार तेज हवाओं के साथ बरसात होने से मौसम एक बार फिर सुहाना हो गया है। सोमवार रात से ही आसमान में बादल छा गए थे। सुबह बादलों के कारण सूरज नहीं चमका। शहर में करीब साढ़े दस बजे से धूल भरी आंधी चलना शुरू हुई लेकिन पानी नहीं बरसा जबकि पलिया, निघासन, बेलरायां, तिकुनिया और धौरहरा क्षेत्र में धूल भरी आंधी के साथ बरसात हुई कई जगह ओले भी गिरे। इससे मौसम में तरावट आ गई।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.00 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.00 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह जब लोग सोकर उठे तो ठंडी हवाएं चलने के कारण मौसम में आई तरावट का आनंद दिया। सूरज न निकलने से गर्मी से निजात मिली। सुबह से बादल छाए रहने से उम्मीद थी कि बारिश होगी लेकिन शहर में बारिश नहीं हुई अलबत्ता करीब साढ़ दस बजे धूल भरी आंधी ने कुछ देर के लिए जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया।
उधर पलिया, निघासन, सिंगाही, बेलरायां, तिकुनिया, धौरहरा, बिजुआ, भीरा और मैलानी में आंधी के साथ बरसात भी हुई। कई जगह ओले गिरने की भी सूचना है। आधे जिले में हुई बरसात से मौसम खुशनुमा हो गया। दिन भर ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने भीषण गर्मी से राहत की सांस ली।
तिकुनियां। सुबह सात बजे आई तेज आंधी और बरसात से लोगों को गर्मी से निजात मिली है। आंधी से कस्बे में हंसराज गर्ग की नवनिर्मित दीवार ढह गई। जहां काम कर रहे मजदूर बाल बाल बच गए। आंधी के बाद हुई बरसात से गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली है।
बेलरायां। तराई में झमाझम बारिश होने से ग्रामीणों को गर्मी से निजात मिली है। वहीं गलियों में जलभराव हो गया है। इससे आवागमन में दिक्कत हुईं। आंधी से आम की फसल को भारी नुकसान हुआ है। मंगलवार की सुबह तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे निचले खेतों में जलभराव होने से तोरई, लोकी, भिंडी, करेला की फसलें जलमग्न हो गईं।
मैलानी। सुबह यहां आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से मौसम का मिजाज बदल गया। मंगलवार को तड़के से ही आसमान में काले घने बादल छा गए। सुबह होते-होते बादल और काले हो गए। साढ़े सात बजे आंधी आई उसके बाद आकाश में इतना अंधेरा छा गया कि रात जैसा अहसास होने लगा। अंधेरे के कारण वाहन चालकों को लाइटें जलाकर चलना पड़ा। आठ बजे से बारिश शुरू हुई। बारिश के साथ ही हल्की ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के बीच ही तेज हवाएं चलने से मौसम खुशगवार हो गया और सोमवार की रात पड़ी गर्मी से लोगों को राहत मिली। करीब दो घंटे तक हल्की बारिश होती रही।
बिजली गिरने से यूपीएस फुंका
जिला सहकारी बैंक में दो घंटे तक कार्य हुआ प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
पलियाकलां। शहर के जिला सहकारी बैंक में बिजली गिरने से यूपीएस फुंक गया तो शहर के लगभग एक दर्जन लोगों के यहां बिजली उपकरण भी फुंक गए।
शहर के जिला सहकारी बैंक की मेन शाखा में बिजली गिरने से यूपीएस फुंक गया। जिससे बैंक का एटीएम लगभग दो घंटा बंद रहा। साथ ही बार-बार लाइट आने और जाने से सिस्टम आटोमैटिक बंद होने के कारण बैंककर्मियों को काफी दिक्कत हुईं। उपभोक्ताओं को भी परेशानियां उठानी पड़ी। गनीमत यह रही कि उस समय बैंक में ज्यादा भीड़ नहीं थी। बैंक मैनेजर शेर सिंह ने बताया कि यूपीएस फुंक गया है, बिजली आने पर काम होता है और एटीएम चलता है जब बिजली जाती है तो सारा सिस्टम बंद हो जाता है जो जनरेटर शुरू होने पर दोबारा से खुलता है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में काफी समय लगता है जिससे देर होती है। उधर बिजली के तारों पर बिजली गिरने से लगभग एक दर्जन लोगों के घरों में टीवी, फ्रिज के साथ ही कई अन्य बिजली के उपकरण फुंक गए।