मटहिया गांव में दूसरे दिन आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट में उमड़े दर्शक।संवाद
निघासन। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मटहिया गांव में चल रही कबड्डी एवं रस्साकसी टूर्नामेंट में दूसरे दिन खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
दूसरे दिन खेले गए मैचों में पहला मुकाबला मां गायत्री फर्टिलाइजर मटहिया और जयवीर हनुमान क्लब के बीच हुआ। इसमें मां गायत्री फर्टिलाइजर ने जीत दर्ज की। दूसरा मैच राम सहारे क्लब और मां गायत्री फर्टिलाइजर के बीच खेला गया। इसमें भी मां गायत्री फर्टिलाइजर विजयी रही। तीसरे मैच में तिवारी ट्रेडर्स नौरंगाबाद और श्यामल डेयरी क्लब आमने-सामने हुए। वहां श्यामल डेयरी क्लब ने बाजी मारी।
चौथा मैच चौक स्टेडियम लखनऊ और गोपिया दबंग बहराइच के बीच खेला गया। इसमें गोपिया दबंग ने जीत हासिल की। वहीं पांचवें मुकाबले में खैरीगढ़ क्लब और बालाजी क्लब निघासन के बीच कांटे की टक्कर हुई। इसमें बालाजी क्लब निघासन ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
खबर लिखे जाने तक पहला सेमीफाइनल श्यामल डेयरी क्लब मटहिया और मां गायत्री ट्रेडर्स मटहिया के बीच खेला जा रहा है। टूर्नामेंट के संरक्षक प्रधान अखिलेश यादव पिंटू ने बताया, कि फाइनल मुकाबले में विजेता टीम को 15 हजार रुपये नकद, रनर-अप को 8100 रुपये के साथ ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।