रोडवेज भवन की नपाई करती तकनीकी टीम। संवाद
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर डिपो के पुराने बस अड्डा भवन को ध्वस्त कर उसकी जगह नया और बड़ा भवन बनाया जाएगा। बुधवार को तकनीकी अधिकारियों की टीम ने पुराने भवन का मूल्यांकन किया। होली के बाद ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू होने की संभावना है। निर्माण कार्य के दौरान रोडवेज बस अड्डे को अस्थायी रूप से एलआरपी चौराहे के पास शिफ्ट किया जाएगा।
लखीमपुर डिपो का भवन काफी जर्जर हो चुका है। कई वर्ष पहले नए भवन के निर्माण के लिए कार्ययोजना भेजी गई थी। स्वीकृति मिलने के बाद बजट भी जारी कर दिया गया और कार्यदायी संस्था नामित कर दी गई। करीब 20 दिन पहले कार्यदायी संस्था के इंजीनियर डिपो पहुंचकर भौतिक सत्यापन कर चुके हैं तथा नए भवन के निर्माण से संबंधित नाप-जोख की प्रक्रिया पूरी की गई।
शुरुआत में खाली स्थान से निर्माण शुरू करने पर विचार किया गया था, लेकिन पुराने भवन को तोड़े बिना नए भवन का निर्माण संभव नहीं है। इसी के चलते बुधवार को तकनीकी टीम ने ध्वस्तीकरण की तैयारी के लिए विस्तृत नाप-जोख की।