पालिका ने शनिवार को जबरन लगवाए फल और सब्जी के ठेले
भीषण गर्मी के कारण कुछ देर बाद ही अपने ठेले लेकर चले गए विक्रेता
लखीमपुर खीरी। सीएम के निर्देश पर जिला प्रशासन ने ईसाई कब्रिस्तान के सामने की जगह कब्जा मुक्त करा दी है। शनिवार को पालिका के लोगों ने जबरन कुछ लोगों के ठेले यहां लगवाए भी, लेकिन उनके जाने के बाद पटरी दुकानदार ठेले लेकर चले गए।
जिला प्रशासन ने दो दिन पहले अभियान चलाकर गुरुगोविंद सिंह तिराहे से लेकर डलावघर और ईसाई कब्रिस्तान के सामने अवैध रूप से काबिज टैक्सी चालकों से खाली कराई थी। प्रशासन ने इस जमीन पर फल और सब्जी के ठेले लगवाने की कार्ययोजना बनाकर पालिका प्रशासन को दुुुकानें लगवाने के निर्देश दिए थे। मगर, गर्मी के चलते दुकानदारों को यह नई जगह बिल्कुल रास नहीं आ रही है। हालांकि शनिवार को पालिका कर्मचारी कुछ दुकानदारों को जबरन वहां पर ले जाकर ठेले लगवाए, लेकिन उनके जाते ही दुकानदार ठेले सहित गायब हो गए।
पटरी दुकानदारों का कहना है कि वहां पर छांव का कोई इंतजाम नहीं है। ऐसे में फल जहां खराब हो जाएंगे तो वहीं सब्जियां सूखने लगेंगी। यदि प्रशासन वहां पर छाया के लिए टिन शेड आदि डलवा दे तभी इस भीषण गर्मी में ठेले लगाना मुमकिन होगा।
ईसाई कब्रिस्तान के सामने की जगह पर फल एवं सब्जी के ठेले लगवाने की कार्ययोजना है। शनिवार को कुछ लगवाए भी गए। वहां पर ठेले लगवाने वाले दुकानदारों का पंजीकरण कर पथ विक्रेता योजना के तहत लाभ भी दिलाया जाएगा।
- आरआर अंबेष, ईओ