डीएम की अध्यक्षता में डॉ कलाम इनोवेशन हब गठित
सुशासन, तकनीकी, उद्योग, चिकित्सा, विज्ञान का होगा विस्तार
इनोवेशन (नई खोज) या बदलाव में सहायक नए विचार से समाज एवं अर्थ व्यवस्था में योगदान करने वाले नागरिकों को सरकार प्रोत्साहन देगी, जिसके लिए डीएम की अध्यक्षता में डॉ कलाम इनोवेशन हब का गठन किया गया है।
सुशासन, तकनीकी, उद्योग, चिकित्सा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी क्षेत्र में नई खोज को बढ़ावा देने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इनोवेशन परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण के लिए डॉ एपीजे अब्दुल कलाम विश्वविद्यालय लखनऊ की ओर से इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट के विद्यार्थियों को सरकारी विभाग और जिला प्रशासन के साथ इंटर्नशिप करने के लिए फैलोशिप (धनराशि) दी जाएगी। मुख्य सचिव ने इनोवेशन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिमाह बैठक कराने के निर्देश डीएम को दिए हैं।
इनोवेशन टेक्नालाजी ही नहीं, बल्कि एक साधारण नागरिक कर सकता है। अब तक साधारण नागरिकों के नए विचारों या आइडिया को मंच हासिल नहीं था, लेकिन अब नया आइडिया रखने वाले व्यक्ति के सपनों को पंख लग सकते हैं। सरकार ने नए प्रयोग को अधिक से अधिक बढ़ावा देने के लिए राज्य इनोवेशन कोष और इनोवेशन परिषद की स्थापना की है। इनोवेशन को तीन श्रेणियों लघु, मध्यम और वृहद में रखा गया है। इनोवेशन प्रस्तावों को डीएम की अध्यक्षता वाली समिति के समक्ष प्रस्तुत करना होगा, जहां प्रभावशीलता का आकलन किया जाएगा।
क्षेत्र में चल रही इनोवेटिव गतिविधियों पर ध्यान देते हुए उन्हें चिह्नित करने के लिए डीएम की अध्यक्षता में समित गठित की गई है। इनोवेशन करने वाले नागरिकों को तकनीकी मार्गदर्शन, टेस्टिंग सुविधाएं तथा प्रयोगशाला सेंटर्स से जोड़ा जाएगा। इच्छुक व्यक्ति विकास भवन स्थित डीएसटीओ कार्यालय में प्रस्ताव जमा कर सकता है।
-एसपी वर्मा, डीएसटीओ