निघासन। गांव पचपेड़ी में 10 वर्षीय मासूम गुलाम हसन उर्फ मुन्ना की रहस्यमयी मौत के मामले में करीब सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। मामले को लेकर परिजन न्याय की आस लगाए बैठे हैं।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में मौत का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया, जिसके चलते फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों पर भरोसा किया जा रहा है।
घटनास्थल से जुटाए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट का अभी इंतजार है। वहीं, शव के गले में मिला प्लास्टिक का फंदा और शव का अधखाया होना मामले को और अधिक उलझा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह वन्यजीव का हमला था तो अब तक इसकी पुष्टि क्यों नहीं हो सकी और यदि कोई अन्य साजिश है तो पुलिस जांच में हो रही देरी कई सवाल खड़े कर रही है।
परिजनों ने निष्पक्ष और तेज जांच की मांग करते हुए दोषियों को सामने लाने की गुहार लगाई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के रहस्य से पर्दा उठ सकेगा।