सीएचसी बेहजम का निरीक्षण करते हुए सीडीओ अभिषेक कुमार। स्रोत विभाग
लखीमपुर खीरी। सीडीओ अभिषेक कुमार ने शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम का औचक निरीक्षण किया। दोनों जगह कई अनियमितताएं सामने आने पर सीडीओ ने संबंधितों की फटकार लगाते हुए नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया।
बीडीओ कार्यालय में मनरेगा एवं आवास के अभिलेख अधूरे व जॉब कार्ड की प्रगति धीमी मिली। एनआरएलएम कार्यालय की छत जर्जर अवस्था में मरम्मत के निर्देश दिए। समूह गठन की प्रगति धीमी होने पर संबंधितों की जवाबदेही तय की। सभागार में स्पीकर था, लेकिन माइक न होने से गंभीर लापरवाही करार दिया। परिसर के कुएं के जीर्णोद्धार का कार्य अधूरा मिलने पर नाराजगी जाहिर की। इन खामियों पर सीडीओ ने जेई सुरेंद्र कुमार एवं ग्राम विकास विभाग को कड़ी फटकार लगाते हुए सभी लंबित कार्यों को समय पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीडीओ ने सीएचसी का निरीक्षण किया। डिलीवरी के छह घंटे में ही प्रसूता व नवजात को डिस्चार्ज कर देना, वह भी बिना जीरो डोज टीकाकरण देना पाया। सीडीओ ने इसे गंभीर लापरवाही करार दिया और कार्रवाई के निर्देश दिए। एमओआईसी डॉ. अनिल कुमार वर्मा को आदेश दिया गया कि प्रसूता व नवजात को कम से कम 48 घंटे अस्पताल में रखा जाए। साफ-सफाई सुधारने और व्यवस्था दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए।
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि विकास और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य है। निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का कड़ा निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ के साथ पीडी डीआरडीए सोमनाथ चौरसिया, बीडीओ बेहजम शरद कुमार सिंह आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।