- अनुदेशकों ने मांगा दस हजार रूपये का मानदेय
माध्यमिक कंप्यूटर अनुदेशक एसोसिएशन की जिला इकाई के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को डीआईओएस कार्यालय पर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस को सौंपकर 10 हजार रुपये मानदेय सहित सेवा बहाली की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे अनुदेशकों को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने कहा कि 14 मार्च को मुख्य सचिव से जब प्रदेश नेतृत्व के लोगों की वार्ता हुई थी तो कंप्यूटर अनुदेशकों को दस हजार रुपये मानदेय दिए जाने के साथ ही कंप्यूटर शिक्षकों के पद सृजित करने की मांग की गई थी, लेकिन अभी तक शासन की ओर से इस पर कोई विचार नही किया गया है। जिसके चलते कंप्यूटर शिक्षकों के न होने के कारण कालेजों में लाखों की कीमत के कंप्यूटर धूल फांक रहे है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन डीआईओएस को सौंपकर दस हजार रुपये मानदेय दिए जाने और कंप्यूटर शिक्षकों के पद सृजित करने की मांग की है। इस मौके पर आलोक वर्मा, रेवती रमन गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।