बिजुआ-गुलरिया। कस्बे में एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहे राजमिस्त्री पर एचटी लाइन का तार टूट कर गिर गया। गंभीर हालत में उसे बिजुआ सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कस्बा निवासी सुनीत गुप्ता (32) पुत्र स्व. प्रदीप गुप्ता राजगीर मिस्त्री का काम करके परिवार का गुजारा करता था। गांव के ही विनोद कुमार के घर पर चार दिन से टिन डालने का काम कर रहा था। विनोद के घर के ऊपर से एचटी लाइन गुजरी हुई है जो कि काफी जर्जर और नीचे हो चुकी है। गुरुवार को सुनीत यहां पर टिन डालने के बाद ऊपर की दीवार बना रहा था, बताते हैं कि इस दौरान लोहे की कन्नी तार में लग गई। जिससे तार टूट कर इनके गर्दन में आ फंसा। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही सुनीत नीचे आ गिरा, गंभीर हालत में साथी इनको सीएचसी लेकर आए, यहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जिस घर में बिजली का तार टूटकर गिरा है, उन लोगों का कहना है जब तक लाइन उनके घर के ऊपर से हटाई नहीं जाएगी वह तार को जोड़ने नही देंगे। जेई उमेश गौतम का कहना है लोगों ने नई आबादी बना ली है, लाइन पहले से निकली है, विभाग को सूचित किया जाएगा, लेकिन तार न जुड़ने से कई गांवों में अंधेरा रहेगा, ऐसे में तार जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
दो मासूम बच्चों और पत्नी के सिर से छिना सरपरस्ती का साया
बिजुआ। सुनीत के पिता की चार साल पहले मृत्यु हो चुकी है, दो भाई थे, बड़ा सुनीत, वह राजगीरी का काम करता था, छोटा भाई विनीत घर पर ही बिजली के उपकरण बिक्री की दुुकान चलाता है। सुनीत की मां शांति देवी आशावर्कर हैं। सुनीत के दो छोटे बच्चे और पत्नी है। जैसे ही हादसे की सूचना सुनीत के घर पहुंची, पत्नी और बच्चे बिलखने लगे।
अधिकारी चाहते हैं कि बिजली के जर्जर तार बदल दिए जाएं और नई लाइनें पड़ जाएं। रात दिन हमारे कर्मचारी जर्जर तारों की वजह से लाइन पर ही काम करते रहते हैं। 60% बिजली की जर्जर लाइनों की सूचना और एस्टीमेट अधिकारियों को भेजा गया है। सामान मिलने पर लाइन बदल दी जाएगी। -उमेश कुमार गौतम जेई विद्युत वितरण खंड बिजुआ