त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर ग्राम पंचायत में आरक्षण प्रक्रिया की तिथि भले ही आगे बढ़ गई हो, लेकिन प्रशासन राज्य निर्वाचन आयोग से तय की गई तिथियों पर ही मतदाता सूची संबंधी कार्य निपटाने की कवायद में जुट गया है।
बृहस्पतिवार को जिला निर्वाचन कार्यालय में सभी तहसीलों की पांडुलिपि से अनन्तिम मतदाता सूची का मिलान किया गया। इसके लिए निर्वाचन कार्यालय पर हर ब्लाक से पांच-पांच बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई थी। इस दौरान सूची और पांडुलिपि में छपे नामों के प्रकाशन में हुई गलतियों को चिह्नित किया गया। अधिकारियों को उम्मीद है कि अंतिम सूची के प्रकाशन तक नए मतदाताओं का नाम सूची में बढ़ाया (परिवर्धन) जा सकता है। एडीएम एसपी सिंह के मुताबिक तहसीलदार और नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में सुबह 10 बजे से लेकर शाम चार बजे तक मतदाता सूची का मिलान किया गया जिसमें उन नामों पर खासतौर पर गौर किया गया, जिनके नामों में गलतियां थीं। इसके अलावा नए मतदाताओं के नामों की भी जांच की गई। कई बीएलओ ने बताया कि अनन्तिम मतदाता सूची में बहुत ज्यादा दिक्कतें नहीं थी। वहीं इस बात की भी उम्मीद जताई जा रही है कि जो नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए हैं, उन्हें अंतिम सूची जारी करने से पहले शामिल किया जा सकता है।