गोला गोकर्णनाथ। नगर में निर्माणाधीन कॉरिडोर में मुख्य द्वार के प्रारंभिक चरण में कार्य पूर्ण होने की ओर है। इसके चलते मुख्य द्वार से प्रवेश बंद कर दिया गया है।
नगर में करीब 20 हजार वर्ग मीटर के क्षेत्रफल में कॉरिडोर का निर्माण रफ्तार पकड़ चुका है। पौराणिक शिव मंदिर के चारों ओर परिक्रमा पथ, अन्य 11 मंदिरों की नींव, गोकर्ण तीर्थ, यात्री हाॅल का निर्माण कार्य जोरों पर है। कॉरिडोर के मुख्य द्वार पर छत डाली जा रही है। आलीशान मुख्य द्वार की ऊंचाई करीब 25 फुट और चौड़ाई करीब 13 मीटर रहेगी।
द्वार के तीन भाग होंगे। बाईं ओर से दिव्यांगों के लिए प्रवेश रहेगा, जिसमें अंदर-बाहर रैंप बनेगा। बीच का मुख्य भाग और दाईं तरफ से सामान्य दिनों में प्रवेश रहेगा। निर्माण के चलते स्टेशन मार्ग मुख्य द्वार से प्रवेश बंद कर दिया गया है।
निर्माण कार्यावधि में श्रद्धालुओं का प्रवेश नीलकंठ मैदान से रहेगा। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के जेई नितिन सिंह ने बताया कि मुख्य द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। इसलिए यहां से प्रवेश बंद कर दिया गया है, तब तक के लिए श्रद्धालुओं का आवागमन नीलकंठ मैदान और वीआईपी मार्ग से रहेगा।
-
12 ट्रेनिंग अफसर एक सप्ताह तक देखेंगे भौगोलिक स्थिति
गोला गोकर्णनाथ। अलग-अलग विभागों के 12 ट्रेनी अफसर जिले में एक सप्ताह के प्रवास पर आए हैं, जो अलग-अलग स्थानों का भ्रमण कर भौगोलिक स्थिति, ग्रामीण जीवन, रहन-सहन का अध्ययन करेंगे।
रविवार को प्रवीण कुमार, दिव्यांशु शांडिल्य, दीपक चौधरी, सोनम सोरेन, राजन चितरौला, आदर्श सीएस, श्रीरंग काबरे, सागर, गौरव सिंह, अभिषेक जायसवाल और लिंगडु जोशी बाबू सहित 12 ट्रेनी अफसरों ने पौराणिक शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। कुंभी बीडीओ आत्म प्रकाश रस्तोगी, राजस्व निरीक्षक अरुणेश मिश्र, कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के जेई नितिन सिंह के साथ निर्माणाधीन कॉरिडोर का निरीक्षण किया और यहां की भौगोलिक स्थिति के बारे में जानकारी की। इन अफसरों में ट्रेनी आईएएस, आईपीएस, वन विभाग सहित कई विभागों के उच्चाधिकारी शामिल हैं। कॉरिडोर के निरीक्षण के बाद कुंभी ब्लॉक की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत लंदनपुर ग्रंट के लिए रवाना हुए। संवाद