क्वालिटी एश्योरेंस के तहत आई टीम, बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण की देखी व्यवस्था
शनिवार को लखनऊ से आई दो सदस्यीय टीम ने जिला अस्पताल पहुंचकर वहां की साफ सफाई व्यवस्था के साथ बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण का हाल देखा। टीम के लोगों ने अस्पताल को साफ सुथरा बनाने के लिए हॉस्पिटल क्वालिटी मैनेजर को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
संयुक्त निदेशक कार्यालय लखनऊ के डॉ.अरविंद श्रीवास्तव शनिवार को सीतापुर जिला अस्पताल की हॉस्पिटल मैनेजर डॉ. ताहिबा के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पर उन्होंने चिल्ड्रेन वार्ड, आपेरशन रूम, एक्सरे रूम सहित इमरजेंसी और मेडिकल वार्ड की साफ सफाई देखी। उन्होंने इन सभी जगहों पर मेडिकल वेस्ट, मरीजों द्वारा लाई गई खाने पीने की सामग्री के लिए अलग अलग रंग के कूड़ा दान रखने के लिए प्रेरित किया। डॉ.अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री कायाकल्प अवार्ड योजना चला रहे हैं। इसके तहत अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं और साफ सफाई को लेकर रैकिंग की जानी है। उन्होंने बताया कि रैकिंग जिला अस्पताल सहित सीएचसी और पीएचसी स्तर होगी और एक एवं दूसरे नंबर रहने वाले सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पताल को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने हॉस्पिटल क्वालिटी मैनेजर मेराज अहमद को अस्पताल को साफ सुथरा और नालियों की विधिवत सफाई कराने के लिए कहा है। इस दौरान डॉ. वीके वर्मा, मैट्रन सहित अस्पताल के लोग मौजूद रहे।