फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुधवा कर्मियों ने फिर दी तालाबंदी की चेतावनी

Sat, 12 Dec 2015 09:41 PM IST
पलियाकलां
विज्ञापन
विज्ञापन
दुधवा नेशनल पार्क में एक बार फिर तालाबंदी के आसार पैदा हो गए हैं। सांकेतिक विरोध जता रहे कर्मचारियों के विभिन्न संगठनों की बैठक में फैसला किया गया है कि 15 दिसंबर तक कार्रवाई न होने पर वे 16 दिसंबर से पार्क में तालाबंदी कर देंगे। यह फैसला संगठनों के प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के समक्ष किया गया।
विज्ञापन

दुधवा मुख्यालय में शनिवार को हुई बैठक में उत्तर प्रदेश वन रक्षक संघ के अध्यक्ष राम प्रसाद ने कहा कि जब वह अपने अधिकारियों का अन्याय नहीं बर्दाश्त करते हैं तो फिर किसी और अधिकारी का अन्याय क्यों सहें। उन्होंने कहा कि डीएम का पार्क के नियमों को तोड़ना, राजकीय कार्य में व्यवधान पैदा करना, अपने समकक्ष अधिकारी के साथ अभद्रता करना, कर्मचारियों का मानसिक शोषण करना, ये सब अब बर्दाश्त से बाहर है ।
फारेस्ट मिनिस्ट्रीरियल एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री विनय वर्मा ने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं होती है तो वे त्यागपत्र भी दे सकते हैं। दैनिक कर्मचारी संघ के स्थानीय इकाई अध्यक्ष तबरेज खान ने कहा कि डीएम के खिलाफ कार्रवाई न होने तक यह आंदोलन जारी रहेगा। फेडरेशन ऑफ फारेस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष पतिराज सिंह और उपाध्यक्ष रामकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री से मांग की गई थी लेकिन उस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस मौके पर विजय कुमार,  नरेंद्र कुमार सिंह, जिला सहायक वन कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष विपिन कुमार श्रीवास्तव, सहायक कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष विजेंद्र कुमार, आदि मौजूद थे।
विज्ञापन

ऑनलाइन बुकिंग को बंद कराने के लिए भेजा पत्र
दुधवा के कर्मचारियों ने 16 दिसंबर से की जाने वाली तालाबंदी से अवगत कराते हुए उप्र वन निगम को एक पत्र भेजा है जिसमें ऑनलाइन बुकिंग बंद करने का अनुरोध किया गया है। कर्मियों ने कहा है कि इसके बाद भी बुकिंग की जाती है तो वह सैलानियों को कोई सेवा नहीं देंगे।
प्रशासन पर साजिश का आरोप
कर्मियों ने आरोप लगाया है कि स्थानीय प्रशासन साजिश रच रहा है। कहा कि जिस कटान को दिखाया जा रहा है वह जांच में साबित हो चुका  कि पुराना था। इस मामले में बाकायदा कार्रवाई भी की गई थी। प्रशासन कुछ आपराधिक किस्म के लोगों से साठगांठ कर साजिश रचने से बाज नहीं आ रहा हैं।
17 से आंदोलन में शामिल होंगे बहराइच समेत कई जिलों के कर्मचारी
वनरक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इस आंदोलन में बहराइच समेत कई जिलों के कर्मियों को शामिल किया जा रहा है। वह यहां आकर आंदोलन को समर्थन देंगे और जरूरत पड़ी तो अपने अपने जिलों में भी हड़ताल कर देंगे।
29 नंवबर से जारी है विरोध
पार्क कर्मियों का विरोध 29 नवंबर से जारी है और इसमें वह दो दिन की हड़ताल भी कर चुके हैं। उनके इस विरोध को करीब 15 दिन हो रहे हैं। उनका कहना है शासन को जल्द ही फैसला लेना होगा।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें