वेतन और पेंशन भोगियों को मायूसी, कैशलैस रहे शहर के अधिकतर एटीएम, लगी रही कतार
एक हजार और पांच सौ के नोटों की बंदी के बाद बैंकों में स्थिति अब तक सामान्य नहीं हो पाई है। शहरी बैंकों में तो भीड़ कम हुई है पर ग्रामीण इलाकों की स्थिति यथावत है। ग्रामीण बैंकों में कैश न होने से घंटों लाइन में लगे रहने के बाद भी लोगों को भुगतान नहीं मिल पा रहा है। शहर हो या देहात कैश के अभाव में अधिकतर एटीएम बंद हैं। जो चल भी रहे हैं वहां लंबी-लंबी कतार लगी हुई हैं।
शुक्रवार को स्टेट बैंक में धन निकासी करने वाले लोगों की काफी भीड़ रही। जबकि अन्य बैंकों में स्थिति सामान्य रही। कुछ बैंकों में कैश की कमी के चलते भुगतान में दिक्कत आई। लोगों को जरूरत भर पैसा नहीं मिल पाया। शुक्रवार को भी स्टेट बैंक समेत अधिकतर बैंकों के एटीएम बंद रहे। इलाहाबाद बैंक के एटीएम में दोपहर में ही कैश खत्म हो गया। इसके बावजूद लोग कैश लोड होने के इंतजार में वहां कतार में खड़े रहे। एक्सिस बैंक के एटीएम पर काफी लंबी लाइन लगी थी।
गोला गोकर्णनाथ। बैंकों में कैश की कमी अब भी जस की तस बनी हुई है। जरूरतमंदों को खातों से निर्धारित धनराशि से कम भुगतान पर संतोष करना पड़ रहा है। लोग घंटों इंतजार के बाद कुछ ही रुपया लेकर लौट रहे हैं। जिससे उनकी जरूरतें भी पूरी नहीं हो पा रही हैं। नगर की एसबीआई, इलाहाबाद, पंजाब नेशनल, यूनियन, एचडीएफसी बैंक, बैंक आफ बड़ौदा में नोट बंदी के बाद से लगातार कैश की कमी बरकरार है।
अमीरनगर। कैश की कमी के चलते कस्बे की इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में छह दिन बाद दोपहर 12 बजे तक बैंक ने एक हजार और दो हजार का भुगतान किया। दो घंटे में केवल दो सौ ग्राहकों को ही पैसा मिल सका। शाखा प्रबंधक अवधेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 400 लोगों ने भुगतान के लिए विड्राल फार्म जमा किए जिसमें 200 लोगों को ही भुगतान मिल सका। सहकारी बैंक में बृहस्पतिवार को कैश की कमी के चलते भुगतान बंद रहा। कुंभी चीनी मिल ने एक सप्ताह पहले किसानों के खातों में गन्ने का भुगतान भेज दिया है लेकिन कैश की कमी के चलते बैंक किसानों को भुगतान नही कर पा रही है।
ममरी। शुक्रवार को बैंकों में कैश आने से लाइन में खड़े खातेदारों ने राहत महसूस की। ममरी की इलाहाबाद बैंक, हैदराबाद की पंजाब नेशनल बैंक, गनेशपुर की ओरियंटल बैंक में जरूरतमंद खातेदारों को पांच से लेकर 10 हजार रुपये तक भुगतान किया गया।
युवक ने बैंक अधिकारी को दी जान से मारने की धमकी
तिकुनिया। कस्बा स्थित इलाहाबाद बैंक में कैश न मिलने पर एक युवक ने बैंक अधिकारी को क्षुब्ध होकर जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इससे बैंक कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गयी। इस बीच बैंक अधिकारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत कराया। वरिष्ठ शाखा प्रबदंधक सचिन यादव ने इस बाबत कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी जयकरन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है युवक की तलाश की जा रही है।
नहीं मिला भुगतान अगले दिन के लिए दिया टोकेन
सिकंद्राबाद। पंजाब नेशनल बैंक सिकंद्राबाद में शुक्रवार को सुबह छह बजे से ही लाइन लग गई थी। करीब दो बजे तक भुगतान हुआ। इसके बाद कैश खत्म हो गया। इससे खातेदार हंगामा करने लगे। चौकी इंचार्ज नंद कुमार यादव ने करीब 250 लोगों को बैंक से जारी टोकेन बांटते हुए अगले दिन आने को कहा। शाखा प्रबंधक पंकज सिद्धार्थ ने बताया कि जिनको टोकेन जारी हुए हैं शनिवार को उन्हें भुगतान में प्राथमिकता दी जाएगी।