तिकुनियां। मोहाना नदी के पार जंगल के पास आबाद गांव चोगुर्जी में नाव के जरिए पहुंची टीकाकरण टीम ने अलग अलग स्थानों पर 100 लोगों का टीकाकरण किया है।
चोगुर्जी गांव तीन तरफ से मोहाना नदी और जंगल से घिरा है। यहां आने जाने के लिए लोग नाव का इस्तेमाल करते हैं। जंगल व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण पर जोर दे रहा है, जिससे बाढ़ आने से पहले ही सभी का टीकाकरण हो जाए।
बुधवार को सीएचसी प्रभारी लालजी पासी के नेतृत्व में दो टीमें चौगुर्जी के लिए स्टीमर पर सवार होकर गांव पहुंचीं। स्टीमर पर जाते समय टीम के लोगों को भी डर लगा, क्योंकि इसी मोहाना नदी में दो बार स्टीमर फंस चुका है। एक बार तो एनडीआरएफ की टीम को आकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा था।
सीएचसी प्रभारी लालजी पासी ने बताया कि चोगुर्जी गांव में टीकाकरण टीम का पहुंचना काफी कठिन था, फिर भी साहस करके टीम गांव में पहुंची और सौ लोगों को टीका लगाया। बताया कि बीमारी से बचने का यही एक उपाय है, कोई भी व्यक्ति टीकाकरण से वंचित नहीं रहेगा। टीम में एएनएम प्रतिमा सिंह, सीमा शर्मा, पुष्पा देवी और ब्रह्मा देवी भी मौजूद रहीं।
बिजली कर्मचारियों ने लगवाए टीके
पलियाकलां। पलिया विद्युत वितरण खंड में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकारी, संविदा कर्मचारी और उनके परिजन का टीकाकरण किया गया।
जेई विद्यासागर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की एएनएम अर्चना और अनुराधा ने एसडीओ संजय कुमार, सूर्य कुमार, योगेंद्र समेत लगभग डेढ़ सौ कर्मचारियों उनके परिजन के कोविड का टीका लगाया। संवाद
टीकाकरण के लिए जागरूक कर रहे स्वयंसेवक
लखीमपुर खीरी। युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की टैगोर इकाई के स्वयंसेवकों ने बुधवार को ग्राम पंचायत छाउछ एवं उदयपुर महेवा में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया। टीम के सदस्य कई लोगों को साथ लेकर वैक्सीनेशन सेंटर पर पहुंचे और उन्हें वैक्सीन लगवाई। स्वयंसेवक और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुभाष चंद्रा ने कहा कि महामारी से बचाव एवं जीवन रक्षा को ध्यान में रखकर सभी लोग टीकाकरण कराएं। संवाद