हजारों का सामान जालकर राख, चार मवेशी जलकर मरे, गृहस्वामी झुलसा
हैदराबाद थाना क्षेेत्र के गांव भल्लियाबुजुर्ग में शुक्रवार की देर रात एक घर में आग लगने से हजारों का सामान जल गया और घर में बंधे चार मवेशी जलकर मर गए। आग बुझाने के प्रयास में गृहस्वामी भी झुलस गया, जिसे सीएचसी भर्ती कराया गया है।
गांव निवासी मनोहरलाल रेलवे स्टेशन के सामने छप्परनुमा घर बनाकर लकड़ी के खोखे में किराने की दुकान करता है। शुक्रवार की देर रात छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग से घिरे घर में बंधी एक भैंस, तीन बकरी जलकर मर गईं और भैंस की पड़िया झुलस गई। घर में रखा घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया है। आग ने पास रखे लकड़ी के खोखे में किराने की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें पांच हजार की नकदी सहित सारा सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास में मनोहर भी बुरी तरह झुलस गया। देर रात लगी आग देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने शोर गुल सुनकर बमुश्किल आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने झुलसे मनोहरलाल को गोला सीएचसी में भर्ती कराया है। मनोहर ने बताया कि वह छप्पर के नीचे सो रहा था। आग की लपटें उठती देख पत्नी रामादेवी ने उसे जगाया। देर रात होने के कारण वह और उसके तीन बेटे, एक बेटी सो रहे थे। जिन्हें बमुश्किल बचाया जा सका। दिवाली से पहले लगी आग से परिवार की सारी खुशियां जलकर राख हो गई हैं।
नहीं पहुंची फायर ब्रिगेड
रजागंज। गांव में देर रात लगी आग से परेशान होकर ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड सर्विस को फोन किया। किंतु लगातार फोन करने के बाद भी फोन न उठने से फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में रोष है।