डीएम ने छाउछ विद्यालय में योजना का किया शुभारंभ
पहली खेप में सात हजार सेट बर्तन बांटे
परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को धनतेरस पर मध्याह्न भोजन के लिए बर्तनों की सौगात मिली है। डीएम आकाशदीप ने छाउछ स्थित प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को थाली और गिलास बांटे। जबकि जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्ष रश्मि सिंह ने सैंधरी स्थित विद्यालय में वितरण किया।
प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय छाउछ के प्रांगण में बच्चों को बर्तन का वितरण करने के बाद डीएम ने बच्चों को धनतेरस और दिवाली की शुभकामनाएं दी। डीएम ने बच्चों को मन लगाकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्रा आंचल और सपना ने हस्तनिर्मित दीपों का समूह डीएम को भेंट किया। इस दौरान बीएसए संजय शुक्ला, बीईओ सुरेश पाल, डीसी एनआरएलएम अजय कुमार पांडेय मौजूद रहे।
जिला आंकाक्षा समिति की अध्यक्ष रश्मि सिंह ने सदस्यों के साथ प्राथमिक विद्यालय सैधरी में बच्चों को थाली एवं गिलास का वितरण किया। बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। अध्यक्ष ने कहा कि विद्यालय में स्वच्छता के साथ ही बर्तनों की सफाई पर विशेष ध्यान देना होगा। स्वच्छता ही सभी रोग का निदान हैं। परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बन रहे मध्याह्न भोजन का जायजा लिया और उसे स्वयं खाकर देखा। इस दौरान जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी डॉ प्रियंका अवस्थी, रेखा पटेल मौजूद रहे।