डिजि धन मेले में कैशलेस
इकोनॉमी की दी जानकारी
मंत्री स्वाति सिंह और सांसद ने किया मेले का उद्घाटन
आम लोगों को डिजिटल ट्रांजेक्शन के प्रति जागरूक करने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में डिजिधन मेला लगाया गया। मेले का शुभारंभ प्रदेश की बाढ़ नियंत्रण एवं महिला कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वाति सिंह और सांसद अजय मिश्र टेनी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर राज्यमंत्री स्वाति सिंह ने कहा कि विमुद्रीकरण का प्रयास देश के विकास में नई इबारत लिखेगा। डिजिटल ट्रांजेक्शन 21वीं सदी का एक बड़ा कदम साबित होगा।
उन्होंने कहा कि कैशलेस ट्राजेक्शन से लेन देन का व्यवहार व्यवस्थागत हो रहा है। इससे आय-व्यय का हिसाब रखने में आसानी होगी। राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी। विकास के लिए धन मिलेगा और विकास को भी नई दिशा मिलेगी एवं आर्थिक अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी।
सांसद अजय मिश्र टेनी ने कहा कि नकदी रहित ट्रांजेक्शन के प्रति लोगों में तेजी से उत्साह बढ़ रहा है यह एक अच्छी शुरूआत है। इससे देश के विकास को अच्छी गति मिलेगी। उन्होंने भीम ऐप के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया भीम ऐप का अधिकाधिक प्रयोग करें।
मेले में विभिन्न विभागों बैंकों के स्टाल भी लगाए। आकांक्षा समूह ने अपने उत्पाद मसालों का भी स्टाल लगाया। इन स्टालों के माध्यम से रोचक ढंग से डिजिटल पेमेंट के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। उद्घाटन से पहले राज्यमंत्री ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में विधायक योगेश वर्मा, विधायक मंजू त्यागी, डीएम आकाशदीप, सीडीओ अमित बंसल, एडीएम उमेश नारायण पांडेय, ज्वांइट मजिस्ट्रेट सैमुअल पाल, डीडीओ अनिल कुमार सिंह, एसडीएम पल्लवी मिश्रा, आलोक कुमार, डीपीओ अखिलेंद्र दुबे, एजीएम दिनेश अवस्थी, एलडीएम एके द्विवेदी, मुख्य प्रबंधक इलाहाबाद बैंक समेत कई जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। राज्यमंत्री स्वाति सिंह और सांसद ने विभिन्न स्टालों को देखा।