सपा नेता मनमोहन मौर्या के आनंद टाकीज रोड स्थित श्रीकृष्णा मैरिज हॉल एवं लॉन में 14 घंटे तक जांच करने के बाद आयकर विभाग की सर्वे टीम बुधवार देर रात एक बजे लौट गई। इस बीच सीतापुर से अपर आयुक्त आरके मिश्रा के पहुंचने के कारण माना जा रहा है कि सर्वे में ‘कुछ बड़ा’ हाथ आया है। हालांकि विभागीय अधिकारी यह कह रहे हैं कि कुछ त्रुटियां मिली हैं, मगर सब कुछ जांच पूरी होने के बाद ही सही बात सामने आएगी।
आयकर अधिकारी बीडी दीक्षित और वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में सर्वे टीम ने बुधवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे बसपा नेता मनमोहन मौर्या के मैरिज हॉल पर रेड डाली थी। आयकर अधिकारियों की टीम और बाहर पुलिस फोर्स होने से कर्मचारी भी सकते में आए गए थे। भनक किसी को न लगे, इसके लिए आयकर अधिकारियों ने मैरिज हॉल पहुंचते ही सबसे पहले वहां मौजूद सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन जमा करा लिए थे, जो चार घंटे बाद लौटाए गए। इससे आयकर अधिकारियों की इस कार्रवाई की जानकारी लोगों को बहुत देर से हुई। हालांकि बसपा नेता मनमोहन मौर्या का मोबाइल जमा नहीं कराया, लेकिन वह टीम के निशाने पर ही रहे। टीम लगातार उन्हीं से मैरिज हॉल और बेटे हिमांशु की देखरेख वाले फर्नीचर शॉप के अभिलेख लेती रही। रात करीब 11 बजे सीतापुर से अपर आयुक्त आरके मिश्रा भी जांच के लिए पहुंचे। लखीमपुर जिले की आयकर संबंधी गतिविधियां सीतापुर से ही संचालित होती हैं, मगर अपर आयुक्त का बाद में आना अहम माना जा रहा है। हॉल में करीब 14 घंटे तक अभिलेखों की गहनता से जांच करने के बाद रात एक बजे टीम वापस लौैटी। वहीं आयकर अधिकारी बीडी दीक्षित ने बताया है कि यह कार्रवाई किसी शिकायत के आधार पर नहीं, बल्कि विभागीय निगरानी की सूचना के आधार पर सर्वे किया गया है। प्रारंभिक जांच में कुछ त्रुटियों के संकेत मिले हैैं, लेकिन अभी जांच पूरी नहीं हुई है। इधर दूसरे गुरुवार को भी दिनभर आयकर विभाग की इस सर्वे कार्रवाई की चर्चा व्यापारियों में छाई रही।
आयकर के अफसरों ने हमारे मैरिज लॉन के कार्यालय और बेटे हिमांशु की फर्नीचर शॉप पर सर्वे किया है। आयकर टीम ने पूर्वान्ह 11 बजे से रात एक बजे तक जांच की है। इस दौरान आयकर अधिकारियों ने कई बार अलग-अलग अभिलेख मांगे, जिन्हें उपलब्ध करा दिया गया है। हमारे यहां वैसे कोई बड़ी गड़बड़ी का तो कोई मतलब नहीं, मगर कोई त्रुटि पाई जाती है तो आयकर विभाग का नोटिस मिलने पर उसके मुताबिक ही जुर्माना अदा कर दिया जाएगा। -मनमोहन मौर्या, एमडी, श्री कृृष्णा मैरिज हॉल एवं लॉन