लखीमपुर खीरी। शहर में जर्जर भवनों को गिराने के बजाय नगर पालिका की कार्रवाई फिलहाल नोटिस तक सिमटी है। तीन अति जर्जर भवनों को ध्वस्त करने के लिए दो-दो नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन आधी बरसात बीतने के बाद भी ध्वस्तीकरण नहीं हुआ है। बारिश के कारण इन भवनों से हादसे का खतरा और बढ़ गया है।
नगर पालिका के मुताबिक, चिह्नित तीन जर्जर भवनों में थरवरनगंज निवासी हरिकृष्ण दीक्षित, संकटा देवी मोहल्ला निवासी ओम प्रकाश और राजगढ़ स्थित वाईडी कॉलेज का गुलाब भवन शामिल है। भवन स्वामियों को धारा 263 के तहत दो-दो नोटिस जारी किए जा चुके हैं। नोटिस में भवनों को अति जर्जर बताते हुए ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही किसी हादसे की स्थिति में नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं होने की बात कही गई है।
शहर में करीब 15 से 20 इमारतें गिरने की कगार पर बताई जा रही हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे भवन हैं, जिनके आसपास से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। कहीं बाजार और आबादी के बीच जर्जर भवन खड़े हैं तो कहीं सरकारी कार्यालयों के आसपास खतरा बना हुआ है। ऐसे में भवन का कोई हिस्सा अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है।
चकबंदी कार्यालय सबसे बदहाल
बारिश के मौसम में जर्जर भवनों से खतरा और बढ़ गया है। जिला सूचना विभाग, जेल परिसर में बनी आवासीय कॉलोनी, नई बस्ती, संकटा देवी और मेला मैदान के आसपास भी जर्जर भवनों को लेकर लोगों में चिंता है। इनमें चकबंदी कार्यालय की हालत सबसे खराब है। यहां अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में फरियादियों का आना-जाना होता है। ऐसे में यहां खतरा सबसे अधिक मंडरा रहा है।
-
शहर के बीचोंबीच कई भवन जर्जर हालत में खड़े हैं। इनसे कभी भी हादसा हो सकता है। प्रशासन को ऐसी इमारतों को चिन्हित कर जल्द ढहाना चाहिए, ताकि किसी की जान न जाए।
-शिवम कश्यप, स्थानीय निवासी
चकबंदी कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में फरियादियों का आना-जाना होता है। बारिश में जर्जर भवनों से खतरा और बढ़ गया है। प्रशासन को जनहानि होने से पहले कार्रवाई करनी चाहिए।
-गुफरान सिद्दीकी, स्थानीय निवासी
शहर में तीन भवन अति जर्जर हालत में हैं। धारा 263 के तहत इन लोगों को दो-दो नोटिस जारी हो चुके हैं। नोटिस में साफ है कि इन भवनों को ध्वस्त करें, अन्यथा किसी भी घटना की जिम्मेदारी नगर पालिका की नहीं होगी।
-संजय कुमार, ईओ, नगर पालिका लखीमपुर
राजापुर मार्ग पर जर्जर चकबंदी कार्यालय। संवाद
राजापुर मार्ग पर जर्जर चकबंदी कार्यालय। संवाद
राजापुर मार्ग पर जर्जर चकबंदी कार्यालय। संवाद
राजापुर मार्ग पर जर्जर चकबंदी कार्यालय। संवाद