लखीमपुर खीरी। जिले में संचालित होने वाले 3106 परिषदीय स्कूलों में परीक्षा 28 नवंबर से होनी थी। लेकिन शासन की ओर से तिथियों में बदलाव किया गया है। परीक्षाएं अब 10 से 15 दिसंबर तक कराई जाएंगी। इसको लेकर कक्षा 8 तक की विषयवार नई समय सारणी जारी कर दी गई है। विभाग ने इसको लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि स्कूलों में शैक्षणिक कार्य करीब 60 प्रतिशत तक पूरा करवा लिया गया है। अब शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं करवाई जानी थी। इधर एचआईआर को लेकर तमाम शिक्षकों की ड्यूटी मोहल्ले मोहल्ले लगाई है। शिक्षकों की कम उपस्थित को देखते हुए शासन स्तर से परीक्षाओं की तिथियों में परिवर्तन किया गया है। बताया कि 10 दिसंबर को सभी विषयों की मौखिक परीक्षा, खेल, बेसिक क्राफ्ट, शारीरिक शिक्षा, स्काउटिंग आदि की परीक्षा होगी। जबकि 11 दिसंबर को गणित, हिंदी, विज्ञान, संस्कृत/ उर्दू, 12 दिसंबर को हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विषय, संस्कृत / उर्दू, 13 दिसंबर को गणित, हिंदी, सामाजिक विषय, विज्ञान, कला, संगीत और 15 दिसंबर को विज्ञान, हिंदी, कार्यानुभव, नैतिक शिक्षा व पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा होगी। फिलहाल के लिए 28 नवंबर से शुरू होने वाली परिषदीय स्कूलों की कक्षा एक से 8 तक की परीक्षा टाल दी गई है। परीक्षा में साढ़े चार से ज्यादा छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाएं दो पालियों में होंगी पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक होगी।