रमियाबेहड़। सिंगाही थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव में फोटो वायरल कर बदनाम करने की कथित धमकी से आहत होकर फंदा लगाने वाली युवती का रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। शनिवार को मृतका की मां की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पोस्टमाॅर्टम कराया गया था।
परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग को लेकर अंतिम संस्कार रोक दिया था। सीओ निघासन शिवम कुमार के कार्रवाई के आश्वासन के बाद रविवार करीब तीन बजे अंतिम संस्कार किया गया। एहतियात के तौर पर सिंगाही और निघासन थाने की पुलिस मौके पर तैनात रही।
गौरतलब है कि मृतका की मां ने तहरीर में आरोप लगाया है कि पड़ोस का एक किशोर उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था। शुक्रवार शाम वह घर पहुंचा और कथित रूप से युवती की फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। आरोप है कि इसी मानसिक तनाव से आहत होकर युवती ने शनिवार तड़के कमरे में प्लास्टिक की डोरी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
-
मुख्य आरोपी के फोन में नहीं मिले आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य
घटना के संबंध में शनिवार देर रात जारी प्रेस नोट में पुलिस ने बताया कि सीओ निघासन शिवम कुमार के निर्देशन में सिंगाही थानाध्यक्ष दिलीप चौबे ने जांच शुरू कराई। मृतका के परिजनों की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई, जिनमें दो आरोपी नाबालिग हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में मृतका को प्रताड़ित करने, मानसिक रूप से क्षुब्ध करने अथवा आत्महत्या के लिए प्रेरित करने संबंधी कोई आपत्तिजनक संदेश, फोटो या अन्य डिजिटल साक्ष्य नहीं मिले। जांच में यह भी सामने आया कि 26 जून की रात करीब 10 बजे आरोपी सचिन की मां और मृतका की मां के बीच कहासुनी हुई थी।
सीओ निघासन शिवम् कुमार ने बताया कि आत्महत्या के कारणों के संबंध में सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।