लखीमपुर खीरी। थाना नीमगांव क्षेत्र की एक युवती के घर से जाने के मामले को लेकर सोमवार को परिजन और विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की और आरोपित युवक की गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान संगठन पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग से मिलने पर अड़े रहे। बाद में विश्व हिंदू परिषद के नेता आचार्य संजय मिश्रा, विनोद गुप्ता समेत अन्य प्रतिनिधियों ने एसपी से मुलाकात कर प्रार्थना पत्र सौंपा। आचार्य संजय मिश्रा ने बताया कि एसपी ने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान युवती की मां की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। इससे कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। मौके पर मौजूद सीओ महक शर्मा और महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। पुलिस के अनुसार मामले में 23 मई को मुकदमा दर्ज किया गया था। युवती को तीन जून को बरामद कर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है। युवती बालिग है, इसलिए उसके बयान और न्यायालय के निर्देशों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। परिजन युवती को अपने साथ घर भेजने की मांग कर रहे हैं।
पीड़ित परिवार आया था। उनकी पूरी बात सुनने के बाद मदद का आश्वासन दिया गया है। पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी गई है। फिलहाल परिजन शांत होकर घर लौट गए हैं।
- डॉ. ख्याति गर्ग, एसपी