सीतापुर रोड पर फोरलेन बनने की मंजूरी के बाद निर्माण की जद में आने वाले अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रशासन ने एक सप्ताह के अंदर अतिक्रमण हटाने की नोटिस जारी कर दी है। इस चेतावनी के चलते सड़क निर्माण की जद में आने वाले घरों और दुकान के मालिकों ने अपने ही हाथों अपने निर्माण ध्वस्त करने शुरू कर दिए हैं।
एडीएम एसपी सिंह और एसडीएम सदर आलोक वर्मा ने रोड किनारे बसे गांव पिपरिया जाकर अतिक्रमण का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की जद् में आने वाले भवन स्वामियों से तत्काल निर्माण हटाने को कहा। गांव के लोगों ने गुरुवार को मजदूर लगाकर निर्माण कार्य तुड़वाना शुरू कर दिया। अतिक्रमण हटने से पिपरिया गांव वीरान नजर आने लगा है।
एसडीएम एसपी सिंह और एसडीएम आलोक वर्मा ने सड़क किनारे के तालाबों पर हुए अतिक्रमण का भी जायजा लिया। उन्होंने जानकारी ली कि किन लोगों ने तालाबों पर अतिक्रमण कर रखा है। उन्होंने जल्दी ही अतिक्रमण हटाने की बात कही।
रमजान माह तक ओयल में मकानों को न गिराने की मांग
ओयल। सीतापुर लखीमपुर को फोरलेन बनाने का काम जल्द ही शुरू होने वाला है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी की नोटिस पर ओयल कस्बा वासियों ने अपने मकानों को तोड़ना शुरू कर दिया है। इसी माह से शुरू हो रहे पवित्र रमजान माह के दौरान कस्बे के अल्पसंख्यकों को दिक्कत न हो इसके लिए अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदस्यों ने डीएम को ज्ञापन देकर रमजान माह की समाप्ति तक यथास्थित बनाए रखने की मांग की है।
अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदस्य सिराजुद्दीन ने गुरुवार को सदर विधायक उत्कर्ष वर्मा, विधान परिषद सदस्य शशांक यादव के साथ डीएम को ज्ञापन सौंपा और सड़क विस्तार की जद में आ रहे अल्पसंख्यकों के मकानों को रमजान माह की समाप्ति तक बने रहने की मोहलत देने की मांग की। ज्ञापन देने के दौरान व्यापारी नेता शरद गुप्ता, सपा नगर अध्यक्ष माहे मोबीन, विजय वर्मा तथा विधायक प्रतिनिधि अशोक वर्मा मौजूद रहे।