पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के लिए मंगलवार शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार थम गया है। चौथे और अंतिम चरण में पलिया, निघासन और रमियाबेहड़ ब्लाकों में मतदान होना है। मतदान कराने के लिए बुधवार को ब्लाक मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।
अंतिम चरण के तीन ब्लाकों की 190 ग्राम पंचायतों में प्रधान तथा 2588 वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव होना है। इनमें पलिया में 76, निघासन में 66 और रमियाबेहड़ में 48 ग्राम पंचायतें हैं। तीन ब्लाकों में कुल 278 मतदान केंद्र और 733 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इस चरण में कुल 536158 मतदाता है।
पलियाकलां। यहां होने वाले आखिरी चरण के मतदान के लिए 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार थम गया। चुनाव प्रचार जरूर थमा लेकिन तमाम उम्मीदवार फिर भी नहीं माने और जमकर प्रचार भी किया। मतदान संपन्न कराने के लिए यहां बुधवार को पोलिंग पार्टियों को बूथों पर रवाना किया जाएगा।
ब्लाक क्षेत्र में 76 ग्राम पंचायतें हैं और इसमें प्रधान पद पर 538 उम्मीदवार मैदान में हैं। 10 दिसंबर को इनके भविष्य का फैसला मतदाता करेंगे। इसके अलावा सदस्य की 994 सीटें हैं जिनपर करीब 19 सौ उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां करीब 257 बूथ हैं जिन पर मतदान किया जाना है और बुधवार को पोलिंग पार्टियां इनके लिए रवाना कर दी जाएंगी। मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बंद करा दिया गया है। प्रचार बंद होने के बाद भी कई उम्मीदवारों ने प्रचार किया और तमाम ने घर घर जाकर मतदाताओं को अपने पक्ष में रिझाया। मंगलवार की रात से गांवों में शराब का दौर शुरू होने की संभावनाएं प्रबल हैं हालांकि पुलिस ने सख्त हिदायत दे रखी है। इसके अलावा तमाम गांवों में सामान और रुपया बांटे जाने की भी खबरें आ रहीं हैं।