- दुर्गंध के बीच सांस लेना दुश्वार, इसी में रहते हैं दर्जनों परिवार
- कूड़े करकट में सुअरों की धमा-चौकड़ी से परेशानी
नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज के वार्ड 20 के हालात बदतर हैं। आलम यह है कि यह वार्ड गंदगी और दुर्गंध की पहचान बन गया है। घरों के सामने बिखरा कूड़ा, चोक नालियों से उठती दुर्गंध से लोग परेशान हैं। कूड़े के ढेरों के पास नालियों के गंदे पानी से बने दलदल में सुअरों की धमाल चौकड़ी से वार्डवासी परेशान हैं।
मुन्नूगंज वार्ड 20 में लगभग 250 परिवार रहते हैं। वार्ड के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में साफ सफाई, पेयजल की समस्या से दर्जनों परिवार परेशान हैं। लोगों के घरों के सामने कूड़ा करकट और गंदगी का अंबार है। पेयजल के लिए वार्ड में इंडिया मार्का नल ढूंढने पर नहीं दिखाई देता, नगर पालिका द्वारा लगवाए गए मिनी पंप से पाइप लाइन तो बिछाई गई, लेकिन कनेक्शन नहीं हो सके। वार्ड में फैली गंदगी और सड़ांध में रहने वाले लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। वार्ड के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में रहने वाले लोग आवारा सुअरों से परेशान हैं। चोक, टूटी नालियों के पास कूडे़ की सड़ांध और दलदल में सुअरों के झुंडों पर ईद बकरीद जैसे त्योहार पर भी प्रतिबंध नहीं लगाया जाता। वार्ड वासियों की शिकायत पर नगर पालिका कूड़ा उठाने वाला लोडर और सफाई कर्मी यदा कदा रस्म अदायगी करने आ जाते हैं।
खाली पड़े प्लाट बने हैं कूड़ा घर
वार्ड के बीच खाली पड़े प्लाट नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था न होने से कूड़ाघर बन गए हैं। प्लाटों में भरा कूड़ा तेज हवा के साथ पड़ोस के घरों में घुस जाता है और वर्षा में नालियों के गंदे पानी में सड़कर दुर्गंध फैलाकर संक्रामक रोगों को दावत दे रहा है। सुअरों के लिए ये प्लाट आरामगाह बने हुए हैं।
वार्ड निवासी 75 वर्षीय अफसर जहां ने बताया कि उनके घर के सामने गंदगी से उठती सड़ांध से वह परेशान हैं। हवा के साथ सामने पड़ा कूड़ा करकट उनके घर में घुस जाता है।
वार्ड वासी नासिर ने बताया कि ईद, बकरीद पर भी साफ-सफाई नहीं होती है, बरसात में गंदगी का आलम और भी बढ़ जाता है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती।
रिजवान ने बताया कि उनके मकान के सामने प्लाट में वर्षों से मोहल्ले का कूड़ा डाला जाता है, जिसमें छुट्टा विचरण कर रहे सुअरों ने डेरा जमा लिया, जो घर खुला देखते ही अंदर घुस आते हैं। जिससे वह परेशान हैं।
मुस्ताक ने बताया कि बस्ती के बीचोबीच कूड़े कचरे से उठती दुर्गंध के कारण अब तो रिश्तेदार भी घर आने से कतराने लगे हैं। गंदगी से बीमारियों का भी खतरा बढ़ जाता है।
मुख्तार अहमद ने बताया कि उनके घर के सामने फैली गंदगी, दुर्गंध और लोटते सुअरों से वह तंग आ गए हैं। शिकायत करने पर कभी कभार नगर पालिका से लोडर और सफाईकर्मी जाते हैं।
वार्ड में सफाईकर्मी लगे हैं। खाली प्लाटों में लोगों द्वारा कूड़ा फेंकने से गंदगी हो जाती है। पेयजल के लिए वार्ड में पाइप लाइन बिछवाकर वाटर कनेक्शन दिए जा रहे हैं। वार्ड वासियों को सफाई में सहयोग करना चाहिए।
- शहाना राईन, सदस्य-वार्ड नं 20
नगर में सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, फिर भी मोहल्ले में जहां भी गंदगी है। नगर पालिका सदस्य से जानकारी लेकर सफाई कराई जाएगी। - घनश्याम त्रिपाठी, ईओ/एसडीएम